पंचायत चुनाव में तीसरे चरण के लिए शनिवार को कुरारा और सुमेरपुर ब्लाक में शांतिपूर्वक मतदान हुआ। कुरारा में 68 और सुमेरपुर ब्लाक में 63 फीसदी मत पड़े। औसत मतदान 65.5 फीसदी रहा। इसके साथ ही 920 प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटी में कैद हो गया।
शनिवार सुबह वोटिंग की गति धीमी रही। दोपहर बाद इसमें तेजी आई। सुमेरपुर विकासखंड क्षेत्र में सुबह 11 बजे तक मतदान का प्रतिशत 25 रहा। इसके बाद वोटर घराें से निकले और शाम तक 63 फीसदी लोगों ने मताधिकार का प्रयोग किया गया। वहीं सुबह 10:15 बजे टेढ़ा गांव में चार बूथों में 2917 में 412 मतदाताओं ने वोट डाले।
चंदपुरवा बुजुर्ग में 11:20 बजे तक मतदान का प्रतिशत 33 रहा। इंगोहटा में 12 बजे तक 25 प्रतिशत मतदान रहा। इसके बाद यहां सन्नाटा पसर गया। शाम तक दोनाें विकासखंडों में मतदान का आंकड़ा 65.5 फीसदी रहा। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था भी मुस्तैद रही।
गौरतलब है कि सुमेरपुर में डीडीसी की 4 सीटों पर 113 दावेदार और बीडीसी की 147 सीटों पर 470 प्रत्याशी भाग्य आजमा रहे हैं। वहीं कुरारा में 127 बूथों में 53 बीडीसी और दो डीडीसी सीटों के लिए मतदान हुआ। इसके लिए 273 बीडीसी और 64 डीडीसी प्रत्याशियों की किस्मत मतपेटी में कैद हो गई।