अमर उजाल ब्यूरो
हमीरपुर। शहर में नंदा गैस एजेंसी और शहीद सुरजीत सिंह गैस एजेंसी के कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल ठाकुर ने हमीरपुर जिला में उज्ज्वला योजना की विधिवत शुरुआत की। इस मौके पर करीब एक दर्जन लाभान्वित परिवारों को मुफ्त में गैस कनेक्शन बांटे। जिलाध्यक्ष अनिल ठाकुर ने कहा कि जिला के हजारों गरीब परिवारों को उज्ज्वला योजना का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमीरी-गरीबी का फर्क खत्म करने के लिए इस योजना की शुरुआत की है। इस योजना के तहत गरीब परिवारों को मुफ्त में रसोई गैस कनेक्शन बांटे जाएंगे। उन्होंने बताया कि प्रदेश में जब भाजपा की सरकार सत्ता में थी, तब तत्कालीन मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल माता शबरी महिला सशक्तिकरण योजना की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार के समय प्रदेश को 86 अवार्ड मिले लेकिन आज प्रदेश का बंटाधार हो चुका है। प्रदेश सरकार में माफिया राज का बोलबाला है। ईमानदार अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रताड़ित किया जा रहा है। इस अवसर पर जिला मीडिया प्रभारी अंकुश दत्त शर्मा, उषा बिरला, हरीश नंदा, सुरजीत कटोच और गैस एजेंसियों के मालिकों मौजूद रहे।