अमर उजाला ब्यूरो
बड़सर (हमीरपुर)। कलवाल बाजार में शराब ठेके का खुलने से पहले ही विरोध शुरू हो गया है। पंचायत की महिला मंडल सदस्यों ने खुलने वाले शराब ठेके के बाहर धरना-प्रदर्शन कर नारेबाजी की। वहीं विभाग और संबंधित ठेकेदार को कस्बे में शराब ठेका न खोलने की हिदायत दी। कलवाल कस्बे में शराब ठेकेदार ने एक दुकान शराब ठेका खोलने के लिए किराये पर ली हैं। इसकी भनक लगते ही स्थानीय महिला मंडल की महिलाएं मौके पर पहुंच गईं और नारेबाजी शुरू कर दी। महिलाओं ने दुकान के अंदर रखी शराब की पेटियों को भी बाहर निकाल दिया और दुकान में ताला जड़ दिया। महिलाओं ने इस दौरान प्रशासन और आबकारी एवं कराधान विभाग के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि किसी भी सूरत में यहां शराब ठेका नहीं खुलने दिया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान महिला शराब ठेका को बंद करने पर अड़ी रहीं। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने प्रदर्शन कर रही महिलाओं को शांत करवाया। महिलाओं ने चेतावनी दी है कि जल्द ही शराब ठेका बंद नहीं हुआ तो उन्हें आंदोलन तेज करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। डीएसपी बड़सर अशोक वर्मा का कहना है कि शराब ठेका खोलने और बंद करने के बारे में एक्साइज विभाग ही निर्णय ले सकता है। आबकारी एवं कराधान विभाग आयुक्त कुलभूषण गौतम का कहना है कि शराब ठेके सभी नियमों और शर्तों को पूरा होने पर ही खोले गए हैं।