हमीरपुर। भाजयुमो शहरी इकाई अध्यक्ष तेन सिंह ने कहा है कि 15 अगस्त के बाद युवा मोर्चा एक अभियान और चलाएगा। जिसमें लोगों को स्वदेशी अपनाने के बारे में जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य स्वदेशी अपनाओ चाईनीज हटाओ होगा। उन्होंने कहा कि भाजयुमो के पदाधिकारी व कार्यकर्ता जिलाभर में सभी लोगों से आग्रह करेंगे कि चाईनीज सामान की खरीद फरोख्त न करें और स्वदेशी अपना कर अपने देश हित के दायित्व को समझें। उन्होंने कहा कि चीन आए दिन भारत को सीमा रेखा पर घेरने की नापाक कोशिशें करता रहा है और कई बार पाकिस्तान को आतंकवाद में सहायता करता आया है। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि लोग अपनी जरूरतों को छोड़ देश की जरूरत को समझें और स्वदेशी अपनाकर भारत निर्माण में सहयोग करें।