अमर उजाला ब्यूरो
भोरंज (हमीरपुर)। राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस की ओर से भोरंज में वाशिंग मशीन वितरण कार्यक्रम ज्योति खन्ना की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम में इंटक जिलाध्यक्ष एवं कांग्रेस महासचिव राजीव राणा मुख्यातिथि रहे। इस मौके पर प्रदेश भवन एवं अन्य कामगार कल्याण बोर्ड के अंतर्गत पंजीकृत 202 मजदूरों को वाशिंग मशीनें बांटी। राणा ने कहा कि मजदूर वर्ग के प्रति संवेदनशील वर्तमान कांग्रेस सरकार ने भवन एवं अन्य कामगार कल्याण बोर्ड में पंजीकृत कामगारों को दी कल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाया है। इससे जिला भर में पंजीकृत साढ़े बारह हजार परिवारों को लाभ पहुंचाया है। पंजीकृत 3251 मजदूरों को वाशिंग मशीनें और इंडक्शन चूल्हे मंजूर हो चुके हैं। लाभार्थियों को राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना, जन श्री बीमा योजना, दो बच्चों के विवाह के लिए 25-25 हजार की वित्तीय सहायता, छात्रवृत्ति आदि योजनाएं निशुल्क दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार मजदूर विरोधी है। मनरेगा बजट को केंद्र सही ढंग से आवंटित नहीं कर रही है। कार्यक्रम में बीडीसी सदस्य दीप कुमार, मीना देवी, ऊषा बन्याल, प्रधान ग्राम पंचायत भोरंज गरीब दास, जगदीश शर्मा, सुरेंद्र कुमार, प्रेम चंद, कांता पठानिया, रघुवीर सिंह मौजूद रहे।