हमीरपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के शीतलपुर के पास शुक्रवार सुबह मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली डिवाइडर से टकराकर पलट गई। इसमें सवार 15 मजदूर घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल लाया गया। इनमें दो महिला मजूदरों को गंभीर हालत में कानपुर के लिए रेफर किया गया है।
कुरारा थानाक्षेत्र के डामर निवासी ट्रैक्टर चालक अजय शुक्रवार सुबह शीतलपुर से 15 मजदूरों को ट्रैक्टर-ट्रॉली में बैठाकर अपने गांव धान काटने जा रहा था। तभी शीतलपुर गांव से करीब 200 मीटर आगे पहुंचते ही ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। टक्कर से ट्रॉली का प्रेशर ऊपर उठ गया और उसमें बैठे मजदूर खाई में जा गिरे।
सूचना पर आई कोतवाली पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। सभी मजदूर शीतलपुर गांव के थे। इन घायलों में राधारानी (35) पत्नी गोविंद निषाद, गुड़िया (19) पुत्री जयराम निषाद, शकुंतला पाल (40) पत्नी राजेश पाल, रितु (18) पुत्री राजेश, मधु (35) पत्नी जयप्रकाश, सुधरा (35) पत्नी मुन्ना, सपना (30) पत्नी सीपू, माया (32), लीलावती (35) पत्नी शरमन, माया (35) पत्नी जगराम, बिना (50) पत्नी शिवबरन, अशोक (35) पुत्र खुशीराम, कंचन (30) पत्नी वीरू पाल, गुलशन (18) पुत्री अहमद अली और जैनब (16) पुत्री अहमद अली शामिल हैं। राधारानी व सपना को गंभीर हालत में जिला अस्पताल से कानपुर रेफर किया गया है।
सूचना मिलते ही सदर विधायक डॉ. मनोज प्रजापति घटना स्थल पर पहुंचे और लोगों से बातचीत कर घायलों को हालचाल जाना। चेयरमैन कुलदीप निषाद भी जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों से मिले और उनका हालचाल जाना।
सीओ सदर राजेश कमल ने बताया कि ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इससे 15 मजदूर घायल हुए हैं। पुलिस ने समय रहते सभी घायलाें को जिला अस्पताल पहुंचाया।
सीएम के आदेश का नहीं हो रहा पालन
गतवर्ष कानपुर जनपद के घाटमपुर कोतवाली क्षेत्र के भीतरगांव के पास ट्रैक्टर-ट्राॅली पलटने से कई लोगों की मौत हो गई थी और 15 से अधिक लोग घायल हुए थे। तब प्रदेश के मुखिया सीएम योगी आदित्यनाथ ने पुलिस को सख्त निर्देश जारी कर ट्रैक्टर ट्रॉली व लोडर में सवारियां लेकर जाने पर प्रतिबंध लगा दिया था। सीएम के आदेश को भी जिम्मेदार पालन नहीं करा पा रहे हैं। शुक्रवार को हादसे के बाद भी ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार कई लोगों को शहर से गुजरते हुए देखा गया।
-
फोटो 14 एचएएमपी 10- हमीरपुर कालपी फोरलेन हाईवे पर पलटी ट्रैक्टर-ट्राॅली व मौजूद लोगों की भीड़। - फोटो : 1