अमर उजाला ब्यूरो
हमीरपुर। इंडियन ऑर्थोपेडिक एसोसिएशन के आह्वान पर क्षेत्रीय अस्पताल हमीरपुर के चिकित्सकों ने काले बिल्ले लगाकर ओपीडी में सेवाएं दीं। चिकित्सकों ने सुबह नौ बजे से दोपहर बाद दो बजे तक काले बिल्ले लगाए। साथ ही संघ की मांगों को जल्द पूरा करने को लेकर सरकार से मांग उठाई। संघ की मांग की है कि अस्पतालों में डॉक्टरों और हेल्थ केयर स्टाफ के साथ अभद्र व्यवहार करने वालों पर सख्त कार्रवाई का प्रावधान हो। एनएमसी (न्यू मेडिकल कमेटी) का गठन करने, क्लीनिकल इस्टैबलिशमेंट एक्ट 2010 और वेस्ट बंगाल इस्टैबलिशमेंट बिल 2017 और इंटर मिनिस्ट्रीयल कमेटी की सिफारिशों को लागू करना आदि प्रमुख हैं। इन मांगों को लेकर इंडियन ऑर्थोपेडिक एसोसिएशन के पदाधिकारी और सदस्य दिल्ली चलो आंदोलन के तहत राजघाट पर डटे रहे। हालांकि जो चिकित्सक दिल्ली आंदोलन में शामिल नहीं हो सके, उन्होंने अस्पतालों में काले बिल्ले लगाकर सेवाएं दीं। साथ ही सरकार से उनकी मांगों को जल्द से जल्द पूरा करने की मांग की। इस मौके पर क्षेत्रीय अस्पताल में डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा, डॉ. पंकज, डॉ. रमेश, डॉ. प्रवीण और डॉ. संदीप ने काले बिल्ले लगाकर सेवाएं दीं।