अमर उजाला ब्यूरो
हमीरपुर। जिला के शराब ठेकों पर शराब के सारे ब्रांड न होने से शराब ठेकेदारों और ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शराब ठेकेदारों का कहना है कि हमीरपुर के साथ भेदभाव हो रहा है। आबकारी एवं कराधान मंत्री प्रकाश चौधरी के गृह जिले में जहां रॉयल स्टैग की अभी तक 64 गाड़ियां भेजी जा चुकी हैं, वहीं हमीरपुर में रॉयल स्टैग की एक भी गाड़ी नहीं पहुंची है। जिले में रॉयल स्टैग की आपूर्ति न होने से शराब ठेकों से ग्राहक मायूस लौट रहे हैं। प्रदेश में एल-1 शराब ठेके बंद होने से यह परेशानी पेश आ रही है। वह शराब ठेकेदार एल-1 ठेकों से शराब की सप्लाई लेते थे लेकिन प्रदेश सरकार ने अब एल-1 शराब ठेके बंद कर दिए हैं। इसके चलते यह परेशानी हो रही है। हमीरपुर के शराब ठेकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने सहायक आयुक्त आबकारी एवं कराधान आयुक्त हमीरपुर को रॉयल स्टैग शराब की आपूर्ति न होने के बारे में शिकायत की है। शराब ठेकेदारों ने विभाग से शीघ्र शराब की आपूर्ति करवाने की गुहार लगाई है। शराब ठेकेदारों का कहना है कि शराब के सारे ब्रांड न होने से उपभोक्ता खाली लौट रहे हैं और उन्हें बैंक से लिए कर्ज की किस्ते चुकानें में परेशानी हो रही है। सहायक आयुक्त आबकारी एवं कराधान आयुक्त कुलभूषण गौतम ने कहा कि सुंदरनगर स्थित एल-1 डी कंपनी को शीघ्र आपूर्ति के आदेश दिए हैं। साथ ही उच्चाधिकारियों को भी इस बारे में सूचना भेजी है।