अमर उजाला ब्यूरो
हमीरपुर। गुड़िया न्याय मंच हमीरपुर ने शुक्रवार को सुजानपुर कस्बे में स्थानीय लोगों के साथ मिलकर एक रोष रैली निकाली गई। कोटखाई प्रकरण में प्रदेश सरकार की ओर से गैर जिम्मेदाराना तरीके से इस केस की जांच करवाने को लेकर मंच सदस्यों ने रोष जताया। इस मौके पर लोगों ने प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली के विरोध में जमकर नारेबाजी की। मामले की जांच सही ढंग से न करवाना और पुलिस हिरासत में एक आरोपी के कत्ल हो जाने पर लोगों ने नारेबाजी कर अपना विरोध जताया। गुड़िया न्याय मंच की तरफ से भारत की जनवादी नौजवान सभा के राज्याध्यक्ष अनिल मनकोटिया ने कहा कि प्रदेश सरकार इस गंभीर मामले को हल्के में ले रही है। सरकार की ओर से प्रकरण के मुख्य आरोपियों को संरक्षण दिया जा रहा है। पुलिस और सीबीआई की जांच में अलग-अलग कहानियां सामने आ रहीं हैं। उन्होंने मांग की है कि सभी शिक्षण संस्थाओं में लिंग संवेदन कमेटियों का गठन किया जाए। इस मौके पर सीटू से जोगिंद्र कुमार ने भी रैली को संबोधित किया और लागों को इस अभियान के बारे में जागरूक किया। इस रैली में संजीव सेठी, विशाल रांगड़ा, रोहित, ममता, सुलोचना, आरती, पूजा, रक्षा, रेखा सहित सैकड़ों लोग और एसएफआई छात्र मौजूद रहे।