अमर उजाला ब्यूरो
भोटा (हमीरपुर)। नगर पंचायत भोटा और आसपास के क्षेत्रों में बिजली गुल होते ही ब्राडबैंड सेवा ठप हो रही है। उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या के बारे में संबंधित विभाग को कई बार बताया जा चुका है लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। लोगों ने कार्यप्रणाली को लेकर रोष जताया है। कारोबारियों और उपभोक्ताओं में पंकज गुप्ता, चंद्रशेखर, अनिल कुमार, अरुण सोनी, पवन कुमार आदि का कहना है कि कस्बे में बिजली आपूर्ति ठप होते ही ब्राडबैंड सेवा ठप हो जाती है। इस समस्या के बारे में बीएसएनएल प्रबंधन को कई बार बताया जा चुका है लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। कारोबारियों का कहना है कि जुलाई माह में कंप्यूटर सिस्टमों में जीएसटी साफ्टवेयर अप्डेट करने का कार्य चल रहा है लेकिन बिजली गुल होने पर ब्राडबैंड सेवा बंद हो रही है। इससे उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बीएसएनएल भोरंज के एसडीओ राजकुमार का कहना है कि टावर में बैट्रियां पुरानी होने से समस्या आ रही है। जल्द ही समस्या का समाधान करवा दिया जाएगा।