जिले के सरकारी पॉलीटेक्निक के विद्यार्थियों को शासन ने नए साल का तोहफा दिया है। इन्हें अब वाई-फाई से लैस किया जा रहा है। शासन ने इसके लिए रिलायंस जियो कंपनी के साथ करार किया है। वाई-फाई शुरू होने के बाद हर विद्यार्थी को रोजाना एक जीबी डाटा निशुल्क मिलेगा। वे लाइब्रेरी की किताबें ऑनलाइन पढ़ सकेंगे। स्टडी मैटेरियल डाउनलोड करने की सुविधा भी मिलेगी। जिले के तीनों सरकारी पॉलीटेक्निक (राजकीय ब्वॉयज पॉलीटेक्निक, राजकीय गर्ल्स पॉलीटेक्निक, असुरन और महामाया पॉलीटेक्निक, खजनी) के करीब दो हजार विद्यार्थी इसका लाभ उठा सकेंगे।
राजकीय महिला पॉलीटेक्निक के प्रिंसिपल वीरेंद्र कुमार ने बताया कि वाई-फाई का इस्तेमाल पॉलीटेक्निक प्रशासन के नियंत्रण में रहेगा, जो विद्यार्थी सुविधा का लाभ लेना चाहते हैं, वे फॉर्म भरकर आवेदन कर सकते हैं। पॉलीटेक्निक प्रशासन ही उन्हें ओटीपी, पासवर्ड जारी करेगा। पॉलीटेक्निक ने डिजिटल इंडिया की तरफ कदम बढ़ा दिया है। इस संस्थान को उच्च शिक्षा का मॉडल बनाया जा रहा है। शिक्षक भी वाई-फाई का नि:शुल्क इस्तेमाल कर सकेंगे।
सोशल मीडिया पर रहेगी नजर
वाई-फाई का बेजा इस्तेमाल न हो, इसके लिए पॉलीटेक्निक प्रशासन इस पर पैनी नजर रखेगा। यू-ट्यूब, फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम आदि सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जाएगी।