बारिश से बचने के लिए दौड़ती युवती
- फोटो : shivharsh
कई दिनों की उमस भरी गर्मी के बाद सोमवार शाम को हुई बारिश ने लोगों को राहत दे दी, पर लोगों को अभी तेज बारिश का इंतजार है। मौसम विभाग ने दो दिनों के अंदर मानसून की अच्छी बारिश की संभावना व्यक्त की है। नेपाल की सरहद के समीप भारी बारिश की संभावना भी जताई गई है।
कई दिनों से मौसम का उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा था। बावजूद इसके लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही थी। सोमवार को दिन भर मौसम गर्म रहा। हर कोई उमस भरी गर्मी से परेशान था। शाम होते-होते आसमान में बादल छा गए और थोड़ी देर बाद बरसात शुरू हो गई। हल्की बारिश से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली। थोड़ी देर बरसने के बाद आसमान से बादल छंट गए।
मौसम वैज्ञानिक शफीक अहमद से मौसम के संबंध में जब बात की गई तो उन्होंने बताया कि मानसून एक से दो दिन के अंदर गोरखपुर क्षेत्र में प्रवेश कर जाएगा। इस समय बिहार में रक्सौल के आसपास मानसून बना हुआ है। वह धीरे-धीरे गोरखपुर की तरफ बढ़ रहा है। ऐसे में दो दिन के अंदर गोरखपुर में अच्छी बारिश होने की पूरी संभावना है। वहीं नेपाल की सरहद और उसके आस-पास भारी बारिश हो सकती है। उसके बाद जून के आखिर में भी अच्छी बारिश होगी