शनिवार की रात से रुक रुक कर हो रही बारिश से कई इलाकाें में जलभराव हाे गया।
- फोटो : Shivharsh Dwivedi
शनिवार की रात से हो रही रुक रुक कर बारिश ने लोगों को भले ही उमस से राहत दी हो लेकिन उनकी मुसीबत भी बढ़ा दी है। शहर के अधिकांश हिस्सों में हुए जल भराव की वजह से लोगों का जीवन अस्त व्यस्त हो गया। सेंट एंड्रयूज इंटर कॉलेज के पीछे जगन्नाथपुर में नालियों का पानी लोगों के घरों में घुस गया।
नगर निगम की तरफ से किए गए इंतजाम का असर शनिवार की रात से हो रही बारिश में दिखा। नगर निगम की बारिश से तैयारियों की खानापूर्ति की पोल भी खुल गई। शनिवार रात हुई बारिश के बाद नालियां साफ होने से अधिकांश जगहों पर जल जमाव की समस्या नहीं थी। टाउनहाल, गोपलापुर और दाउदपुर के साथ साथ गोलघर, बेतियाहाता, हरिओम नगर, जिला पंचायत रोड, चेतना तिराहा, रेती चौक, गीता प्रेस, गोपलापुर शिवमंदिर के पास जलजमाव हो गया। नालियां जाम होने की वजह से नगर निगम को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
घरों से निकला हुआ मुश्किल
नगर निगम टीम द्वारा बाहरी और बड़े नालो की तो सफाई कर नालों की सफाई का दावा किया गया। जबकि हकीकत में कॉलोनियों के अंदर नालियों की कितनी सफाई हुई है इसका जीता जागता उदाहरण जगन्नाथपुर मोहल्ला है। सेंट एंड्रयूज इंटर कॉलेज के पीछे बारिश होते ही नालियों का पानी लोगों घरों में घुस गया। जिसकी वजह से लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया। मोहल्ले वालों ने इसकी शिकायत नगर निगम के अधिकारियों से भी की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। नालियों की सफाई के लिए नगर निगम की कोई टीम मोहल्ले में नहीं पहुंची।
इतनी बारिश के बाद भी बहुत सी जगह से पानी निकल गया। कुछ मोहल्लों में जलभराव की शिकायतें मिली हैं। वहां टीमें भेजी जा रही हैं।
- बीएन सिंह, नगर आयुक्त