नौसढ़ में सड़क पर बह रहा नाले का पानी
- फोटो : rajesh kumar
नगर निगम की लापरवाही का खामियाजा नौसढ़ इलाके के बहुत से परिवारों को भुगतना पड़ रहा है। दरअसल नाला चोक होने की वजह से घरों के आगे जलभराव हो गया है, जिससे लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।
नौसढ़ से कौड़ीराम जाने वाली सड़क पर कुछ लोगों ने अतिक्रमण कर लिया है, जिसकी वजह से नाले की बेहतर सफाई नहीं हो पा रही है। नाला चोक होने के कारण गंदा पानी सड़क पर ही बह रहा है। इससे लोगों का घरों से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है। नगर निगम प्रशासन इसके निदान के लिए कुछ नहीं कर रहा है, जबकि पार्षद भी निगम अधिकारियों को इस समस्या से अवगत करा चुके हैं। पार्षद रामभवन निषाद का कहना है न सिर्फ नगर आयुक्त को अवगत करा चुके हैं बल्कि व्यक्तिगत रूप से मामले की पूरी जानकारी दे चुके हैं। इसके बाद भी समस्या का निदान नहीं किया जा पा रहा है।
नाले के पानी से होकर जाना पड़ता है
पिछले एक सप्ताह से नाले का पानी सड़क पर फैला हुआ है। बाहर जाना मजबूरी है। इसलिए नाले के पानी से होकर जाना पड़ता है।
- भागीरथी निषाद
संक्रामक रोग फैलने का बना रहता है डर
नाले का पानी सड़क पर जमा रहने की वजह से काफी परेशानी हो रही है। बदबू और जलभराव की वजह से संक्रामक रोग का खतरा बना रहता है।
- बेचू मास्टर