फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

विनोद खन्ना ने पिपराइच में की थी योगी के लिए सभा

Fri, 28 Apr 2017 01:59 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, गोरखपुर।
विज्ञापन
विनोद खन्ना ने 1998 में योगी के समर्थन में चुनाव प्रचार किया था। - फोटो : Amar Ujala / File photo
विज्ञापन
मशहूर फिल्म अभिनेता विनोद खन्ना सियासत में उतरे तो गोरखपुर से भी उनका नाता जुड़ गया। 1998 में लोकसभा चुनाव में वह गोरखपुर के पिपराइच कस्बे में मौजूदा सीएम योगी आदित्यनाथ के पक्ष में जनसभा को संबोधित करने आए थे। तब योगी आदित्यनाथ को उनके गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ ने अपनी जगह चुनाव मैदान में उतारा था। 
विज्ञापन


साल भर पहले ही विनोद खन्ना ने भाजपा की सदस्यता ली थी। उनकी लोकप्रियता को देखते हुए पार्टी ने 1998 लोकसभा चुनाव में स्टार प्रचारक की भूमिका दे दी। देश की कई सीटों पर उन्होंने प्रत्याशियों के पक्ष में सभाएं और रोड शो किए। इसमें एक गोरखपुर सीट भी थी। उनके पिपराइच आने की सूचना से कस्बे के लोग उत्साहित हो उठे थे। गोरखपुर एयरपोर्ट से उन्हें लेकर जब भाजपा नेता उपेंद्र दत्त शुक्ल पिपराइच के दयानंद सरस्वती शिशु मंदिर के सामने मैदान में पहुंचे तो भीड़ जोश से भर उठी।

उपेंद्र दत्त शुक्ल ने बताया कि अपने चहेते अभिनेता को देखने-सुनने के लिए उमड़ा हुजूम ऐसा था कि सभा स्थल छोटा पड़ गया। विनोद खन्ना पिपराइच में मिले जनसमर्थन से गदगद नजर आए। सहज भाव से लोगों को संबोधित करने के बाद विनोद खन्ना ने मंच पर योगी का हाथ उठाकर उनके पक्ष में लोगों से वोट मांगे। इसके बाद उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ चुनाव पर चर्चा की और उनसे फीडबैक भी लिया। इस चुनाव में जीत के साथ ही योगी आदित्यनाथ की सियासी पारी की औपचारिक शुरुआत हुई। 
विज्ञापन


राजघाट पुल पर जाम में फंसने से नहीं जा सके थे बांसगांव
उपेंद्र दत्त शुक्ल ने बताया कि पिपराइच के बाद बांसगांव में भी विनोद खन्ना की सभा प्रस्तावित थी। पिपराइच से उन्हें लेकर राजघाट पुल तक गया, लेेकिन लंबा जाम लगा था। इसके चलते वक्त बर्बाद हो गया और उनकी फ्लाइट का समय करीब आ गया। इसके बाद उन्होंने एयरपोर्ट चलने का अनुरोध किया। फिर बांसगांव की जगह उन्हें एयरपोर्ट छोड़ने चला गया।

योगी आदित्यनाथ के लिए भी बने थे ‘जब्बर’ 
फिल्म मेरा गांव मेरा देश में जब्बर नाम के डकैत का किरदार निभाकर अपने दमदार अभिनय की छाप छोड़ने वाले अभिनेता विनोद खन्ना जब 1998 में गोरखपुर आए तो अपने उसी अंदाज में लोगों को प्रभावित किया। तब लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा प्रत्याशी योगी आदित्यनाथ के पक्ष में माहौल बनाने के लिए वह कुछ पल तक फिर से ‘जब्बर’ बन गए थे। उनका यह अंदाज लोगों को खूब भाया था। पिपराइच के रामलीला मैदान में मंच पर पहुंचने के बाद लोगों की मंशा को भांपते हुए उन्होंने कहा कि मुझे पता है कि आप मुझसे क्या सुनना चाहते हैं। फिल्मी डायलॉग के साथ उनका संबोधन शुरू हुआ, ‘जब्बर को योगी आदित्यनाथ पसंद हैं..., जब्बर चाहता है कि यहां कमल का फूल खिलना चाहिए।’ फिर उन्होंने योगी आदित्यनाथ का हाथ उठवाया और विपक्षी पार्टियों पर निशाना साधा, ‘मार दिया कि छोड़ दिया जाए....।’ इसके बाद काफी देर तक भीड़ की तरफ से तालियों की गड़गड़ाहट गूंजती रही। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें