17 मई का दिन सिधवारी गांव के लिए बेहद खास रहा। गांव में जर्मनी की युवती अपने पिता एवं बहन के साथ शादी करने के लिए आई थी। सिधवारी गांव के इंद्रजीत चौधरी गांव के युवाओं ही नहीं बुजुर्गों के बीच भी चर्चा का केंद्र बन गए।
भारतीय जमीन पर विदेशी युवती की शादी होना अपने आप में ही गांव के लोगों के लिए गर्व की बात रही। गांव के लोग बताते हैं कि जर्मन युवती इंद्रजीत के साथ तीन साल में करीब 13 बार सिधवारी आई थी।
यहां का रहन सहन, लोगों का बात व्यवहार, गांव की परिवेश उसे बेहद अच्छा लगा। इंद्रजीत के छोटे भाई अभिषेक ने बताया कि विदेश मंत्रालय से अनुमति मिलने के बाद दोनों की शादी हुई है। इसके लिए नियमानुसार सारी औपचारिकताएं पूरी की गईं।
नमस्ते बोल सभी का दिल जीता
जर्मनी की बहू ने गांव के लोगों एवं परिवार के सदस्यों से हिंदी में नमस्ते बोला तो सभी चौंक गए। जर्मनी की युवती हिंदी भाषा भी थोड़ा बहुत जानती है। शादी के दौरान सिधवारी गांव के लोग कार्यक्रम में शामिल हुए तो जर्मनी की बहू ने सभी को नमस्ते बोल दिल जीत लिया। विदेशी बहू की हिंदी भाषा सुन सभी खुश हो गए। लोग बोले की बेहद संस्कारी बहू मिली है।