गीडा थाना क्षेत्र के जैतपुर स्थित जवाहर लाल इंटर कॉलेज में कूड़ा निस्तारण को लेकर चल रही अफसरों की बैठक में हंगामा हो गया। आरोप है कि कुछ लोग अचानक आए और कूड़ा निस्तारण के लिए चिन्हित जगह का विरोध करते हुए अफसरों से भी हाथापाई की।
इस दौरान सहमति पत्र को भी फाड़ दिया। मौजूद प्रधानों ने हस्तक्षेप कर मामले को शांत कराया फिर पुलिस बुलाई गई। पुलिस ने लेखपाल रामसुरत की तहरीर पर चार नामजद समेत कई अज्ञात पर केस दर्ज किया है।
थाने में दर्ज केस के मुताबिक, शासन के मंशानुसार नंदापार में कूड़ा निस्तारण के लिए भूस्वामियों से भूमि अधिगृहीत करने को लेकर बैठक चार बजे बुलाई गई थी। जवाहर लाल इंटर कॉलेज में आयोजित बैठक में नगर आयुक्त गोरखपुर, तहसीलदार सहजनवां, पर्यावरण/प्रदूषण अधिकारी, राजस्व निरीक्षक, क्षेत्रीय लेखपाल, ग्राम प्रधान जैतपुर, बनौड़ा, नंदापार व अन्य काश्तकार औरनागरिक मौजूद थे।
इस दौरान कूड़ा निस्तारण के लिए भूमि के संबंध में बातचीत चल रही थी और सहमति पत्र पर एजेंडा तैयार किया जा रहा था। इसी दौरान जैतपुर निवासी रामचंदर शर्मा, उनके परिवार के अन्य सदस्य, मंगल यादव, संजय शर्मा आदि पहुंचे और भूमि अधिग्रहण का विरोध करने लगे। उन्होंने लोगों और अफसरों से हाथापाई करने के साथ ही सहमति पत्र भी फाड़ दी। बाद में पुलिस के आने पर मामला शांत हुआ।
इन धाराओं में दर्ज हुआ केस
गीडा थानेदार दिलीप सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर सरकारी काम में बाधा डालने, लोकसेवक की शक्ति को जानने के बाद भी उसे निर्देशित करने, लोक सेवक के हित में बात करने वाले शख्स को उत्प्रेरित करने, लोक सेवक से मारपीट करने, भय पैदा करने आदि की धाराओं में केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।