उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) के निर्देश पर मंडलायुक्त अनिल कुमार की अध्यक्षता में कुशीनगर और महराजगंज जनपद के केंद्र निर्धारण को स्वीकृति दे दी गई। समीक्षा के बाद गोरखपुर और देवरिया जनपद का भी केंद्र निर्धारण होगा। देवरिया जनपद द्वारा केंद्र निर्धारण संबंधी प्रस्ताव नहीं मिलने पर कमिश्नर ने जेडी को नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
बुधवार को आयोजित बैठक के बाद संयुक्त शिक्षा निदेशक सप्तम मंडल सतीश सिंह ने बताया कि कुशीनगर जनपद में 198 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 1,11,328 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। हाईस्कूल में 57322 संस्थागत और 9162 व्यक्तिगत तथा इंटरमीडिएट में 41033 संस्थागत और 3811 व्यक्तिगत परीक्षार्थी शामिल होंगे। महराजगंज जनपद में 113 परीक्षा केंद्रों पर 75488 परीक्षार्थी शामिल होंगे। हाईस्कूल में 42338 संस्थागत और 1104 व्यक्तिगत तथा इंटरमीडिएट में 30293 संस्थागत और 17533 व्यक्तिगत परीक्षार्थी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि चर्चा के बाद भी गोरखपुर के केंद्रो पर अंतिम मुहर नहीं लग सकी। जिलाधिकारी ने प्रस्तावित केंद्रों की फि र से समीक्षा के लिए निर्देशित किया।