मृतक मिर्जा खुर्शीद वेग की फाइल फोटो।
- फोटो : Amar Ujala
आंधी और पानी ने जिले में दो लोगों की जान ले ली। सोमवार की देर रात तेज आंधी की वजह से गिरे पेड़ के नीचे दबकर पति की मौत और पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। उधर, चिलुआताल इलाके में बिजली गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई। वहीं दूसरा मजदूर अस्पताल में भर्ती है। पुलिस ने मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाली क्षेत्र के मेवातीपुर निवासी मिर्जा खुर्शीद वेग (कल्लू) कबाड़ का काम करते थे। पत्नी शहनाज के साथ कल्लू सोमवार की रात जिला अस्पताल की मोर्चरी के पास अपने टीनशेड वाले दुकान में ही सोए थे। देर रात आंधी पानी से पेड़ गिर गया, जिसमें दबकर कल्लू की मौके पर ही मौत हो गई। इसमें गंभीर रूप से घायल शहनाज को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार उनकी नाजुक हालत को देखते हुए मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। इसके बाद घरवालों ने तारामंडल स्थित एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया है। जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
चिलुआताल प्रतिनिधि के मुताबिक सोनबरसा के पास निर्माणाधीन गोरक्षनाथ इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस के आयुर्वेद ब्लॉक में काम करने वाले मजदूर गोपी ऋषि (36) की बिजली गिरने से मौत हो गई। वहीं ताला मुंडी घायल हो गए। सोमवार की देर रात बिजली गिरने से बिहार के कटिहार के पिंडा निवासी गोपी ऋषि और मुकुल की बेटी ताला मुंडी झुलस गए थे। दोनों को गोरखनाथ अस्पताल में लेकर साथी मजदूर गए जहां पर गोपी को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। दोनों ही निर्माणाधीन भवन के पास टीनशेड में रहकर मजदूरी करते हैं।
कार्यदायी संस्था कंस्ट्रक्शन एंड बिल्डर्स के कर्मचारी विनीत श्रीवास्तव ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर सीओ गोरखनाथ चारु निगम भी पहुंच गई और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।