हादसे में मारे गए युवकों के विलाप करते परिजन। इनसेट में मनोज कुमार
- फोटो : अमर उजाला
सन्तकबीरनगर जिले के दुधारा इलाके में बीएमसिटी मार्ग पर कोइलसा के पास शनिवार देर रात कंटेनर की चपेट में आने से बाइक सवार दो यवकों की मौके पर मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक घायल हो गया। घायल का मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में उपचार चल रहा है।
बेलहर इलाके के सांथा के रहने वाले 21 वर्षीय मनोज कुमार और बखिरा इलाके के विजय कुमार पुत्र मोहन लाल व रसूलपुर चौधरी गांव निवासी 40 वर्षीय अशोक कुमार पुत्र राम बली शनिवार रात एक ही बाइक से बस्ती की ओर से घर लौट रहे थे। अभी लोग दुधारा इलाके के कोइलसा गांव के पास पहुंचे ही थे। उसी दौरान कंटेनर की चपेट में आ गए।
हादसे में मनोज और विजय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अशोक कुमार घायल हो गए। घटना के बाद आस पास के लोग पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा, जहां से डॉक्टर ने घायल अशोक को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। प्रत्यक्ष दर्शियों के अनुसार सामने से कंटेनर ने बाइक सवारों को टक्कर मारी थी।
बाद में बाइक सवारों के ऊपर से दो अन्य कंटेनर भी गुजर गए थे। एसओ गौरव सिंह ने बताया कि सिर्फ घायल अशोक ने हेलमेट का प्रयोग किया था। लोगों ने ये भी बताया कि केवल अशोक ही बाइक भी चला रहे थे।