भेंड़ मामले में गिरफ्तार पति राजेश और उसका भाई
भेड़ें प्रेमी के पिता को सौंपी, महिला का पति व भाई गिरफ्तार
बेलीपार/कसिहार। प्रेमी के साथ गई विवाहिता के बदले 71 भेड़ें सौंपने के पंचायत के बेतुके फैसले के मामले में रविवार को पिपराइच के बैलो निवासी प्रेमी उमेश के पिता रामनरेश की तहरीर पर पुलिस ने महिला के पति बैलो निवासी राजेश व उसके भाई नवरंगी के खिलाफ चोरी और मारपीट के आरोप में केस दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने 71 भेड़ें भी रामनरेश को सौंप दीं। उधर पंचायत करने वाले बेलीपार के धस्की गांव के पंच तीसरे दिन भी फरार रहे। पंचायत में गवाह के रूप में स्टैंप पेपर पर हस्ताक्षर करने वाले दोनों पक्ष के करीब बीस लोग भी कार्रवाई के भय से गांव छोड़कर भाग गए हैं। पुलिस ने पंचायत में बेतुका फैसला करने वालों के खिलाफ अभी कोई कार्रवाई नहीं की है। वहीं महिला और उसका प्रेमी उमेश भी घर नहीं लौटे हैं।
पिपराइच के बैलो निवासी रामनरेश का बेटा उमेश शादीशुदा है। वह अपने पिता की 71 भेड़ें पड़ोस के गांव तुरा बाजार निवासी राजेश के साथ चराता था। दोनों के बीच दोस्ती हो गई और घर आनाजाना शुरू हो गया। राजेश की पत्नी को साथ लेकर उमेश एक माह पहले फरार हो गया। थाने पर हुई पंचायत में दोनों ने एक साथ रहने का फैसला किया। पांच दिन पहले प्रेमी उमेश और विवाहिता बेलीपार इलाके के धस्की गांव मेें भेड़ें चराने गए थे। इसी बीच महिला का पति राजेश भी वहां पहुंच गया। विवाहिता को भगाने को लेकर दोनों के बीच मारपीट हो गई। महिला ने बीच बचाव करके किसी तरह से मामला शांत कराया, लेकिन राजेश सभी भेड़ें हांककर अपने साथ लेते गया। बाद में मामला पंचायत में पहुंचा। धस्की गांव की पंचायत ने बेतुका फैसला सुनाते हुए भेड़ों को राजेश के हवाले कर दिया था और महिला को उमेश के साथ भेज दिया था। लेकिन इसी बीच उमेश के पिता रामनरेश थाने पहुंच गए और भेड़ों को वापस दिलाने की अर्जी दे दी। रामनरेश का कहना था कि पंचायत का फैसला गलत है। भेड़ें उसकी हैं, उसे उसका बेटा कैसे दे सकता है। बेटे की गलती की सजा बेशक उसे मिले। राजेश चाहे तो अपनी पत्नी को ले जाए। उधर राजेश महिला को अब रखने को तैयार नहीं है। उमेश भी पहले से शादीशुदा है। उसकी पत्नी ने छह माह पूर्व पुलिस को उमेश के खिलाफ तहरीर दी थी और तभी से वह महराजगंज के श्यामदेऊरवां स्थित मायके में है।
भेड़ों को रामनरेश को सौंप दिया गया है। भेड़ों को चुराने के आरोप में दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है। महिला के बारे में पुलिस के अधिकार सीमित हैं, कोई तहरीर मिलेगी तो कार्रवाई की जाएगी। अन्य लोगों के भी भूमिका की जांच की जा रही है। -डॉ. सुनील गुप्ता, एसएसपी