गोरखपुर के गगहा थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात वाहन चेकिंग कर रहे पुलिस अधिकारियों पर फायरिंग कर भाग रहे दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया है। संकट मोचन ढाबे पर वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस अधिकारियों को मुखबीर से सूचना मिली थी कि कौड़ीराम गजपुर तिराहे के पास तीन युवक लूट की फिराक में हैं।
पुलिस अधिकारी मुखबीर की सूचना पर विश्वास करते हुए 2.30 बजे कौड़ी राम तिराहे पर पहुंचे और जीप खड़ी कर पैदल ही आगे बढ़ रहे थे। इसी दौरान तीन संदिग्ध युवकों को देख उन्होंने टॉर्च जलाया। टॉर्च की रोशनी पड़ते ही बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस अधिकारियों ने खुद को बचाते हुए गोली चलाने वाले दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक युवक मौके से फरार हो गया। पूछताछ व जमातलाशी के दौरान रहिमुल अली उर्फ राहुल के पास से एक बारह बोर का तमंचा, एक खोखा, एक कारतूस व एक मोबाइल बरामद किया गया।
वहीं दूसरे बदमाश प्रदीप उर्फ बोनू के पास से 12 बोर के दो कारतूस, दो मोबाइल व 122 रुपये नगद मिले। तीसरा युवक नवनाथ निषाद पुलिस से भागने में सफल रहा। एसआई सुनील कांत शुक्ला की तहरीर पर तीनों के खिलाफ धारा 307 व आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर दोनों को जेल भेज दिया है।