कैंट थाने में जानकारी देते एसपी सिटी कौस्तुभ, सीओ कैंट रोहन प्रमोद बोत्रे व अन्य।
इंश्योरेंस क्लेम की रकम हड़पने के चक्कर में तीन मंजिला स्टोर जलाने की साजिश
गोरखपुर। कैंट इलाके के महादेव झारखंडी में वाहनों की बुधवार को जांच के दौरान एक कार में गैलन में पेट्रोल, माचिस, पिस्टल और तमंचा मिलने पर दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों पर आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उनका चालान कर दिया। पुलिस के मुताबिक इंश्योरेंस क्लेम की रकम हड़पने के चक्कर में दोनों ने अपना तीन मंजिला स्टोर जलाने की साजिश रची थी। आग लगने की सूचना पहले ही पुलिस व फायर बिग्रेड को दी थी। कहा था कि कुछ लोग स्टोर को जला रहे हैं। इस सूचना पर पुलिस अलर्ट थी।
पुलिस के मुताबिक पकड़े गए युवकों की पहचान खोराबार के महुई सुघरपुर रविशंकर और झड़वा निवासी प्रिंस उपाध्याय के रूप में हुई। एसपी सिटी ने बताया कि रविशंकर का कूड़ाघाट में स्वदेशी पैराडाइज नाम से स्टोर है। स्टोर का उसने इंश्योरेंस करा रखा है। स्टोर न चलने से उसके ऊपर करीब 20 से 25 लाख का कर्ज हो गया था। इंश्योरेंस क्लेम की रकम लेकर कर्ज की भरपाई के लिए दोनों स्टोर में आग लगाने के लिए जा रहे थे।
कैंट थाने में बुधवार की दोपहर एसपी सिटी डॉ. कौस्तुभ और एएसपी रोहन प्रमोद बोत्रे ने बताया कि मंगलवार की रात कैं ट इंस्पेक्टर रवि राय व चौकी इंचार्ज मनीष यादव विशुनपुरवा के पास वाहनों को चेक कर रहे थे। तभी एक कार आती दिखी। पुलिस के रोकने पर कार सवार भागने लगे। पीछा कर पुलिस ने कार को रोक लिया। कार से दो युवक निकले। उनकी तलाशी ली गई तो पिस्टल और एक तमंचा मिला। कार में गैलन में रखा पेट्रोल मिला।
बिल्डिंग के ऊपरी हिस्से में रहते हैं कुछ परिवार
जिस बिल्डिंग में युवकों ने स्टोर खोला है, उसके ऊपरी हिस्से में कुछ लोग परिवार सहित रहते हैं। दोनों अगर अपने मकसद में कामयाब हो जाते तो उन परिवारों की भी जान का खतरा हो सकता था। पुलिस की सतर्कता से बड़ी घटना होने से बच गई।