लखनऊ रूट पर डग्गामारी कर रहे ‘ट्रैवलर’ संचालकों ने परिवहन विभाग की चेकिंग टीम को खुली चुनौती दे दी है। ‘ट्रैवलरों’ पर हो रही लगातार कार्रवाई के बावजूद संचालक गाड़ी में पर्दा गिराकर लखनऊ रूट पर चले रहे हैं। सूत्रों की माने तो ‘ट्रैवलर’ में सवारियां भरवाने वाला मालिकों से रुपये लेकर उन्हें गुमराह भी कर रहा है।
परिवहन विभाग की चेकिंग टीम की कार्रवाई का ‘ट्रैवलर’ संचालकों पर कोई खास असर देखने को नहीं मिल रहा है। कुछ दिनों तक संचालन बंद रहने के बाद अब इसके संचालकों ने नया तरीका निकाल लिया है। वे अब गाड़ियों की खिड़कियों पर लगे परदे गिरा दे रहे हैं, जिससे उसमें सवारियां हैं या नहीं, यह पता नहीं चल पा रहा है।
हालांकि आरटीओं की कार्रवाई में बुधवार को दो ‘ट्रैवलर’ सीज किए गए। लेकिन फिर भी लखनऊ रूट पर इन गाड़ियोें की डग्गामारी पर ब्रेक नहीं लग रहा है।
दो ‘ट्रैवलर’ 11 डग्गामार बसें सीज
लखनऊ रूट पर डग्गामारी कर रहे दो ‘ट्रैवलर’ और 11 बसों के खिलाफ कार्रवाई की गई। सभी को एआरटीओ प्रवर्तन राकेश सिंह ने सीज कर दिया। एक ‘ट्रैवलर’ पुलिस यार्ड में और एक खोराबार थाने में सीज की गई।
डग्गामार वाहनों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। कुछ ‘ट्रैवलर’ संचालक चोरी चुपके अलग-अलग जगह से चल रहे हैं। इसकी जानकारी मिल गई है। कार्रवाई की जाएगी।
- राकेश सिंह, एआरटीओ प्रवर्तन