ट्रेन में बैठने के लिए प्लेटफार्म पर कतार में बैठे यात्री।
- फोटो : Amar Ujala
होली के बाद वापसी का सफर मुश्किलों भरा हो गया है। ट्रेनों में जबरदस्त भीड़ उमड़ रही है। मंगलवार को गोरखधाम एक्सप्रेस, वैशाली एक्सप्रेस, कुशीनगर एक्सप्रेस सहित भी प्रमुख ट्रेनों में ठसाठस भीड़ थी। बहुत सारे यात्रियों ने गैलरी और शौचालय के पास बैठकर सफर किया। जबकि भीड़ के चलते कुछ यात्री ट्रेन में चढ़ ही नहीं सके।
गोरखधाम एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म दो पर अपराह्न करीब तीन बजे आई गई। ट्रेन में चढ़ने के लिए यात्रियों की भारी भीड़ एकत्र हो गई थी। आरपीएफ और रेलवे स्टॉफ ने यात्रियों को लाइन लगाकर जनरल बोगियों में चढ़ाया। लेकिन जब सीटें फुल हो गई तो यात्री सामान लेकर आरक्षित बोगियों में घुसने लगे। बहुत सारे यात्री महिला बोगी और लगेज कोच में घुस गए। महिला बोगी में सीट न मिलने पर कुछ यात्रियों ने विरोध भी जताया। बाद में इन्हें आरपीएफ ने नीचे उतारा। वहीं जनरल बोगियों में शौचालय से लेकर गैलरी तक पैक हो गया तो कुछ यात्री गेट के पास ही लटककर चले गए। यही हाल वैशाली एक्सप्रेस और कुशीनगर में भी रहा। जनरल बोगियों में यात्रियों को प्रवेश करने और स्टेशन पर उतरने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
आज से तीन अतिरिक्त काउंटर खुलेंगे
गोरखपुर। भीड़ को देखते हुए रेल प्रशासन ने जनरल की तीन अतिरिक्त काउंटर खोलने का निर्णय लिया है। इसे लेकर अब 14 जनरल काउंटर खुले रहेंगे। यह जानकारी देते हुए रेलवे स्टेशन के डीसीआई डीके श्रीवास्तव ने बताया कि सभी प्रमुख ट्रेनों में चल टिकट निरीक्षक और स्टॉफ लगाकर निगरानी कराई जा रही है। यात्रियों को दिक्कत न हो इसके दिल्ली और मुुंबई की ट्रेनों में चेकिंग भी की जा रही है कि दूसरे की बर्थ पर कोई कब्जा न कर सके। मंगलवार को गोरखधाम एक्सप्रेस में कई यात्रियों से बर्थ खाली भी कराया गया।