आरक्षी प्रशिक्षुओं को परेड में कर्तव्य और निष्ठा की शपथ दिलाई गई।
- फोटो : Amar Ujala
पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक सत्य प्रकाश त्रिवेदी ने द्वितीय वाहिनी, रेलवे सुरक्षा विशेष बल प्रशिक्षण केंद्र के रजही कैंप में आरक्षी प्रशिक्षुओं के 42वें बैच के दीक्षांत परेड का निरीक्षण किया और मार्च पास्ट की सलामी ली। साथ ही कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई।
महाप्रबंधक ने दीक्षांत परेड में शामिल सभी 81 आरक्षी प्रशिक्षुओं को बधाई देते हुए कहा कि आपका प्रदर्शन बता रहा है कि आपने उच्चकोटि का प्रशिक्षण हासिल किया है। रेलवे की विभिन्न चुनौतियों का दृढ़तापूर्वक मुकाबला करने की जिम्मेदारी रेलवे सुरक्षा विशेष बल के जवानों की है। आप कर्तव्य परायणता एवं सेवा भाव से यात्रियों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहे हैं। उन्होंने रेलवे सुरक्षा विशेष बल को आधुनिक बनाने के लिए हर प्रकार की सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया।
बैरक के कार्य की प्रगति पर प्रसन्नता व्यक्तकरते हुए उन्होंने कहा कि फायरिंग रेंज का कार्य शीघ्र ही पूरा होगा। आरपीएफ के मुख्य सुरक्षा आयुक्त राजाराम ने स्वागत संबोधन में कहा कि रेलवे सुरक्षा विषेष बल के दीक्षांत परेड में शामिल ये 81 आरक्षी अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी तन्मयता से करेंगे। रेल मंत्रालय द्वारा रेलवे सुरक्षा बल एवं रेलवे सुरक्षा विषेष बल में प्रशिक्षण सुविधाओं के उन्नयन पर विशेष बल दिया जा रहा है।
प्रधानाचार्य एके सिंह ने प्रशिक्षण केंद्र की गतिविधियों पर रिपोर्ट प्रस्तुत की। समारोह में प्रशिक्षुओं ने पीटी, स्नैप शूटिंग, ड्रिल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। साथ ही मनोहारी सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक एसएल वर्मा, आरपीएफ समादेष्टा सहारिश सिद्दीकी, सेना, वायुसेना एवं सिविल पुलिस के अधिकारी मौजूद थे।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली आरक्षी सम्मानित
आरक्षी प्रशिक्षुओं को कर्तव्य निष्ठा की शपथ दिलाने के बाद महाप्रबंधक ने प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट प्र्रदर्शन करने वाले आरक्षियों को मेडल एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया। असित मंडल को ओवरआल बेस्ट, सुशांत लईक को इन-डोर बेस्ट तथा गोपाल कुमरे को आउट-डोर बेस्ट का पुरस्कार दिया गया। परेड कमांडर अंसार अहमद मंसूरी तथा परेड टू आईसी मनीष कुमार नामदेव को भी सम्मानित किया गया। समारोह में महाप्रबंधक ने एक लाख के सामूहिक पुरस्कार की भी घोषणा की।