चलती ट्रेन से गायब हुआ फ्रिज!
गोरखपुर। जालंधर से गोरखपुर के लिए चली अंत्योदय एक्सप्रेस से एक फ्रिज गायब हो गई। फ्रिज के मालिक ने इसकी शिकायत रेलवे से की। तमाम कोशिशों के बाद भी अब तक फ्रिज का पता नहीं चल सका है।
राकेश कुमार ने 19 मई को अंत्योदय एक्सप्रेस से नया फ्रिज गोरखपुर लाने के लिए जालंधर सिटी स्टेशन से बुकिंग कराई थी। इसके लिए 980 रुपये पार्सल शुल्क जमा किया। गोरखपुर पार्सल घर पर राकेश को बताया गया कि फ्रिज नहीं आया है। इसके बाद उन्होंने जालंधर के सीएमआई से संपर्क साधा। खोजबीन के बाद बताया गया कि फ्रिज जालंधर स्टेशन से भेजा जा चुका है। परेशान राकेश ने चीफ पार्सल ऑफिसर गोरखपुर, कामर्शियल इंस्पेक्टर एवं नॉन रीसीविंग सेल में लिखित शिकायत की है। बावजूद राकेश को आश्वासन ही हाथ लगा है।
---------
ऐसे करें शिकायत
ट्रेन के पार्सलयान से अगर बुक सामान गंतव्य तक नहीं पहुंचता है तो इसकी लिखित शिकायत यात्री रेलवे के दाव अनुभाग में कर सकते हैं। इसके लिए बिल्टी पेपर की छायाप्रति, सामान के पेपर उपलब्ध कराने होंगे। शिकायत दर्ज होने के बाद रेलवे खोजबीन कराएगा कि सामान किस ट्रेन में चढ़ाया गया। अगर दूसरे ट्रेन में चढ़ाया गया है तो उसका भी पता लगाकर जहां सामान उतरा होगा, वहां से मंगाया जाएगा।
-
नहीं मिले सामान तो करें क्लेम
अगर पार्सल से बुक सामान शिकायत करने के बाद भी नहीं मिलता है तो क्लेम किया जा सकता है। रेलवे देखेगा कि कितनी कीमत पर टैक्स जमा किया गया है। उसी आधार पर हर्जाना दिया जाएगा।
मामला संज्ञान में अभी नहीं आया है। लिखित शिकायत आने पर मामले की जांच कराएंगे कि फ्रिज कहां पर है। उसे लाकर यात्री को दिलाया जाएगा।
पंकज कुमार सिंह, सीपीआरओ एनईआर