बौद्ध संग्रहालय में एमएलसी चुनाव की मतगणना के लिए हुई तैयारियां।
- फोटो : Shivharsh Dwivedi
गोरखपुर-फैजाबाद खंड स्नातक निर्वाचन की मतगणना की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। गणना स्थल बौद्ध संग्रहालय के भीतर और बाहर बैरीकेडिंग कर सुरक्षा घेरा बनाया गया है तो वहीं गिनती के लिए टेबल भी लगा दी गई हैं। काउंटिंग के लिए 14 टेबल लगाए गए हैं। इसके अलावा एक टेबल एमएलसी चुनाव के आरओ व कमिश्नर अनिल कुमार के लिए लगाई गई है। मतगणना सुबह आठ बजे से शुरू होगी। प्रत्येक टेबल पर एक पर्यवेक्षक और तीन मतगणना सहायक तैनात किए गए हैं।
सभी प्रत्याशियों की मौजूदगी में पहले स्ट्रांग रूम से बैलेट बॉक्स निकाले जाएंगे। मतपत्रों की गिनती कर उनकी मिक्सिंग करने के बाद एक-एक हजार मतपत्र के बंडल बनाए जाएंगे। इसके बाद गणना शुरू होगी। पुराने अनुभवों के आधार पर मतगणना में लगे अफसरों का मानना है कि काउंटिंग शुरू होने का समय भले ही आठ बजे है मगर बैलेट बॉक्स निकालने, मतपत्रों की मिक्सिंग और बंडल आदि बनाने में ही दोपहर के 12 या एक बज जाएंगे। अगर पहली वरीयता के मतों के आधार पर नतीजा नहीं निकला तो द्वितीय वरीयता के मतों की गिनती होगी। ऐसे में नतीजा आने में रात हो सकती है।
आज होगी मतगणना कार्मिकों की ट्रेनिंग
एमएलसी चुनाव की मतगणना के मद्देनजर रविवार सुबह 11 बजे से यूनिवर्सिटी के संवाद भवन में गणना पर्यवेक्षकों और गणना सहायकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। सहायक रिटर्निंग अधिकारी ने सभी मतगणना कार्मिकों को अनिवार्य तौर पर इस प्रशिक्षण में शामिल होने को कहा है।
सुबह छह बजे तक आते रहे बैलेट बॉक्स
एमएलसी चुनाव के करीब 16 घंटे बाद शनिवार की सुबह छह बजे तक स्ट्रांग रूम में जमा करने के लिए बैलेट बॉक्स आते रहे। सबसे आखिरी में आजमगढ़, गोंडा और बलरामपुर की पोलिंग पार्टियां पहुंची।