नोटबंदी से लोगों को हो रही परेशानियों के विरोध में सोमवार को कांग्रेसियों का ‘जनाक्रोश दिवस मोर्चा’ प्रदर्शन होगा। इसके साथ ही कांग्रेसियों ने रविवार को शहर के विभिन्न बाजारों में दुकानदारों और लोगों से 28 नवंबर को आयोजित भारत बंद को समर्थन देने का आह्वान किया।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. सैयद जमाल ने कहा कि अचानक और बिना पर्याप्त वैकल्पिक व्यवस्था के नोट बंदी किए जाने से किसानों, मजदूरों और आम जनता में अफ रा-तफ री मची हुई है। इसके विरोध में सोमवार को प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष पूर्व सांसद व स्क्रीनिंग कमेटी के चेयरमैन डॉ. निर्मल खत्री के नेतृत्व एवं एआईसीसी के पूर्व सचिव व पूर्व सांसद डॉ. संतोष सिंह की मौजूदगी में 11 बजे गोलघर स्थित इंदिरा गांधी की प्रतिमा से ‘जनाक्रोश दिवस मोर्चा’ प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद टाउनहाल स्थित गांधी प्रतिमा पर जनसभा होगी। इसमें जिला एवं महानगर कांग्रेस के सभी पदाधिकारी, पीसीसी एवं एआईसीसी के सदस्य, ब्लॉक अध्यक्ष, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, विधानसभा चुनाव के दावेदार कांग्रेसी आदि शामिल होंगे।
वहीं महानगर कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता दिलीप कुमार निषाद ने बताया कि रविवार को महानगर अध्यक्ष अरुण अग्रहरि के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने पुर्दिलपुर चौराहा से वीनस रोड, गणेश चौराहा आदि इलाकों में जनजागरण किया गया और दुकानदारों और लोगों को नोटबंदी से हो रही परेशानी के विरोध में 28 नवंबर को प्रस्तावित भारत बंद में समर्थन देने का आह्वान किया। मदन त्रिपाठी, अरविंद कुमार जायसवाल, अनुराग पांडेय, उमेश चंद्र खन्ना, दिलीप जायसवाल, डॉ. कुलभूषण शाही, दिलीप कुमार निषाद, जयंत कुमार पाठक, श्याम चंद्र सोनकर, जीतेंद्र विश्वकर्मा, रज्जाक अली असामी आदि शामिल थे।
कांग्रेसियों ने प्रधानमंत्री का पोस्टर जलाया
नोटबंदी से लोगों को हो रही मौतों के विरोध में कांग्रेसियों ने काली पट्टी बांध प्रदर्शन किया। साथ ही प्रधानमंत्री का पोस्टर भी जलाया। इस मौके पर जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव अनवर हुसैन ने कहा कि नोटबंदी के बाद कुशीनगर की जिस धरती पर एक महिला की मौत हो गई थी, वहां जाने की बजाए पीएम वहां जनसभा कर केवल भाषणबाजी करते रहे। कहा कि नोटबंदी से अब तक 100 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी हैं। इसके बाद भी पीएम इसे सही ठहरा रहे हैं। उन्हें हकीकत समझनी चाहिए और सभी मृतकों को 50-50 लाख रुपये मुआवजा देना चाहिए। इस मौके पर एसएस पांडेय, मो. खालिद, देवेंद्र निषाद, महेंद्र यादव, अयूब अली, आशुतोष तिवारी, विजय गुप्ता, सोनू कुमार, आजाद हुसैन, अंजुम आरिफ आदि मौजूद थे।