सदर संसदीय सीट पर उपचुनाव में आज आपकी बारी है। अब तक प्रचार में नेता अपनी बात कह रहे थे। उनका फैसला अब आपके हाथ है। आप मतदाता हैं। अपने लोकतंत्र, अपने शहर से प्यार करते हैं तो प्रत्याशियों से ज्यादा परख आपकी होनी है। याद रहे, वोट कम पड़े तो भी प्रत्याशियों के बीच जीत का फैसला हो जाएगा लेकिन यह मतदाताओं की हार होगी। किसी को दें, पर वोट जरूर दें। प्रत्याशियों में कोई पसंद नहीं तो भी बूथ पर पहुंचें, नोटा का बटन तो है न। प्रशासन ने भी आपके लिए पूरी सुरक्षा-सुविधा का वादा किया है। हमारे संसदीय क्षेत्र पर पूरे देश की निगाह लगी है। आइए, हम सब इस बार अपने वोट से गोरखपुर के मतदाताओं के जीत कहानी लिख दें।
पहले जांच, फिर वोटिंग
मतदान से एक घंटे पहले, सुबह छह बजे से मॉक पोल के जरिये ईवीएम की जांच होगी। शाम पांच बजे तक मतदान चलेगा। मगर तय समय के भीतर अगर मतदान केंद्र परिसर में जितने भी वोटर मौजूद रहेंगे, उन्हें वोट देने का मौका मिलेगा।
करें वोट की तस्दीक
पहली बार सभी बूथों पर ईवीएम के साथ वीवीपैट भी लगाए गए हैं। जैसे ही कोई वोटर ईवीएम पर अपने पसंद के प्रत्याशी के नाम के सामने का बटन दबाएगा, वीवीपैट की स्क्रीन पर सात सेकेंड के लिए एक पर्ची दिखाई पड़ेगी। इस पर्ची पर प्रत्याशी का नाम, बैलेट पेपर पर उसका क्रमांक, चुनाव चिह्न का विवरण होगा।
बूथ के 200 मीटर तक गाड़ी से जा सकेंगे
मतदान के दिन आप बिना रोक-टोक अपने वाहनों से बूथों के 200 मीटर पहले तक जा सकेंगे। सिर्फ इतना ध्यान दें कि आपकी गाड़ी से परिवार के लोगों को छोड़कर दूसरे लोग वोट डालने न जाएं। जेड श्रेणी को छोड़कर कोई भी सुरक्षा प्राप्त व्यक्ति बूथों के अंदर तक सुरक्षाकर्मियों के साथ नहीं जा सकेगा। प्रत्याशी और उसके एजेंट सिर्फ एक-एक वाहन से चल सकेंगे। हर विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ताओं को चलने के लिए एक-एक वाहन की अनुमति दी गई है। प्रत्येक वाहन में चालक के अलावा सिर्फ चार लोग ही बैठ सकेंगे।
पहचान पत्र के ये हैं विकल्प
मतदाता पहचान पत्र या फिर पर्ची न मिली हो तो घबराने की जरूरत नहीं है। चुनाव आयोग ने दूसरे पहचान पत्र से वोट डालने का विकल्प दे दिया है। पासपोर्ट, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैनकार्ड, बैंक और डाक विभाग का फोटोयुक्त पासबुक, मनरेगा का जॉब कार्ड, श्रम विभाग का बीमा स्मार्ट कार्ड, फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज, राशन कार्ड, सांसद, विधायक और एमएलसी की तरफ से जारी सरकारी पहचान पत्र, प्रमाणित पहचान पत्र, राज्य और केंद्र सरकार के साथ सार्वजनिक उपक्रम की तरफ से जारी फ ोटोयुक्त पहचान पत्र आदि।
मोबाइल लेकर न जाएं
वोट डालने जा रहे हैं तो इस बात का ख्याल रखें कि मोबाइल लेकर न जाएं क्योंकि बूथों के 100 मीटर के दायरे में मोबाइल पर प्रतिबंध रहेगा। अगर बहुत जरूरी हैं तो बूथ के आस-पास के किसी जानने वाले के पास या गाड़ी में मोबाइल छोड़कर ही बूथ के भीतर वोट डालने जाएं।
अधिक बूथों वाले केंद्रों पर लोकेटर
तीन या उससे अधिक बूथों वाले मतदान केंद्रों पर बीएलओ के साथ ही लोकेटर भी तैनात किए गए हैं। ऐसे मतदान केंद्रों पर वोटरों की आसानी के लिए अल्फाबेटिकल फार्म में वोटर लिस्ट उपलब्ध कराई गई है ताकि मतदाताआें को अपना नाम खोजने में दिक्कत न हो।
577 मतदान केंद्रों पर व्हील चेयर
गोरखपुर। सदर संसदीय क्षेत्र के 2141 में से 577 बूथों की वोटर लिस्ट में दिव्यांग वोटर भी हैं। इनकी सुविधा के लिए सभी सेंटर पर एक-एक व्हील चेयर के साथ ही उसे चलाने के लिए एक कर्मचारी भी तैनात किया गया है।
50 बूथों की होगी वेब कॉस्टिंग
क्रिटिकल बूथों पर जिला प्रशासन की विशेष नजर रहेगी। इनमें से 64 बूथों पर माइक्रो आब्जर्वर तैनात रहेंगे। 50 बूथों की वेब कास्टिंग होगी। इसके जरिए भारत निर्वाचन आयोग, प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी और जिले के एनआईसी में तैनात अफसर इन बूथों पर नजर रख सकेंगे।
सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ इंजीनियर भी रहेंगे
मतदान के दिन ईवीएम या वीवीपैट में गड़बड़ी आने पर उसे तत्काल दुरुस्त करने के लिए 100 इंजीनियर भी तैनात किए गए हैं जो सभी सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ उनके वाहनों से सवार हो निरंतर भ्रमण पर रहेंगे।
स्ट्रांग रूम में रखे जाएंगे ईवीएम-वीवीपैट
मतदान कराने के बाद पोलिंग पार्टियां गोरखपुर यूनिवर्सिटी आएंगी। प्रत्याशी या उनके एजेंट, प्रेक्षक और जिला निर्वाचन अधिकारी की मौजूदगी में सभी ईवीएम को वहीं पर बने स्ट्रांग रूम में रखकर सील किया जाएगा।
19.49 लाख वोटर तय करेंगे भविष्य
19.49 लाख वोटर 10 प्रत्याशियों के भविष्य का फैसला करेंगे। इनमें 8.77 लाख महिला वोटर हैं। शहर विधानसभा क्षेत्र में सबसे ज्यादा 4.34 लाख और सहजनवां विधानसभा क्षेत्र में सबसे कम 3.57 लाख वोटर हैं। युवा वोटरों की संख्या करीब 42 फीसदी है। आठ हजार से ज्यादा युवा पहली बार वोट डालेंगे।
विधानसभा क्षेत्र पुरुष महिला अन्य कुल
कैंपियरगंज 201552 165945 21 367518
पिपराइच 216544 175034 35 391613
गोरखपुर शहर 236902 197205 60 434167
गोरखपुर ग्रामीण 219045 179238 23 398306
सहजनवां 197960 159596 18 357574
प्रत्याशी पार्टी चुनाव निशान
उपेंद्र दत्त शुक्ला भाजपा कमल का फूल
डॉ सुरहीता करीम कांग्रेस हाथ का पंजा
प्रवीण निषाद सपा साइकिल
अवधेश निषाद बहुजन मुक्ति पार्टी चारपाई
गिरीश नारायण पांडेय सर्वोदय भारतीय पार्टी कैमरा
नरेंद्र कुमार महंथा निर्दल टार्च
मालती देवी निर्दल कप-प्लेट
राधेश्याम सेहरा निर्दल सिलाई मशीन
विजय कुमार राय निर्दल एयर कंडीशनर
श्रवण निषाद निर्दल गुब्बारा
दिक्कत हो तो यहां करें फोन-
निर्वाचन कंट्रोल रूम: 0551-2200420
जिला निर्वाचन अधिकारी राजीव रौतेला: 9454417544
उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रभुनाथ: 9454416210
प्रेक्षक डॉ माधवी खोड़े चावरे: 7318263625
प्रेक्षक डॉ सुबोध कुमार: 7317765447