जेपी ग्रुप के जनरल मैनेजर के घर 16 लाख की चोरी
बड़हलगंज/ चिल्लूपार (गोरखपुर)। बड़हलगंज इलाके के कल्यानपुर स्थित पाली निवास में किराये पर रहने वाले जेपी ग्रुप के जनरल मैनेजर के घर को चोरों ने खंगाल लिया। चोरों ने मकान से 15 लाख के जेवरात, बीस हजार रुपये और कुछ कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस जांच कर रही है।
कल्यानपुर में मोहन पौहरिया निवासी उपेंद्र यादव के पाली निवास में किराए पर रहने वाले नोएडा के निवासी मनोरंजन सरकार गोरखपुर में जेपी ग्रुप में जनरल मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। वह बीते 26 नवंबर को परिवार के साथ छुट्टी मनाने कोलकाता चले गए थे। उन्होंने मकान के मुख्य गेट की चाभी मकान मालिक के केयर टेकर सोमनाथ यादव को दी थी। पुलिस को दिए तहरीर में मनोरंजन सरकार ने बताया कि रविवार की रात दो बजे जब वह परिवार के साथ वापस आए तो गेट और कमरों के ताले टूटे थे। उपरी मंजिल पर एक कमरे में दो सिलिंडर, गद्दा, रजाई और कुछ खाने के सामान पड़े थे। उन्होंने आशंका जताई है कि उनकी गैर मौजूदगी में उपरी मंजिल पर कोई रहा हो। उन्होंने बताया कि करीब 16 लाख की चोरी हुई है।