नौसड़ चौराहा के पास खड़ी बस, जिसके यात्री देररात तक परेशान रहे
किराया लेकर हुआ फुर्र, चालक ने निजी बस ले जाने से मना किया
गोरखपुर। गोरखपुर से नई दिल्ली जाने वाली रघुवंशी रोड लाइंस के चालक और परिचालक ने बुधवार की देर रात यात्रियों को नौसड़ चौराहे पर उतार दिया। इससे नाराज यात्रियों ने नौसड़ पुलिस चौकी के पास हंगामा किया। यात्रियों का आरोप था कि नीलकंठ नामक व्यक्ति ने टिकट के 1300-1300 रुपये वसूले और भाग निकला। किसी को टिकट भी नहीं दिया। अब बस चालक, परिचालक दिल्ली जाने को तैयार नहीं हैं।
रघुवंशी रोड लाइंस की बस संख्या यूपी 42 बीटी 5951 पर बुधवार की देर रात यात्री सवार हुए। करीब 20 यात्रियों को लेकर बस नौसड़ चौराहा पहुंची तो हंगामा शुरू हो गया। यात्री केदार चौरसिया, धर्मेंद्र सिंह और गौतम पांडेय का आरोप था कि बस चालक व परिचालक मनमानी कर रहे हैं। पहले किसी के माध्यम से टिकट बुक कराया। पैसा लिया लेकिन टिकट नहीं दिया। अब दोबारा किराए का पैसा मांगा जा रहा है।
चालक ने नौसड़ चौराहा के पास ही बस खड़ी कर दी। पूरा मामला नौसड़ पुलिस चौकी के पास पहुंचा। यात्रियों ने पुलिस चौकी के बाहर हंगामा किया और नारेबाजी भी की। उनका कहना था कि यात्रियों को परेशान किया जा रहा है। जो व्यक्ति पैसा लेकर भागा है, उसे गिरफ्तार करके जेल भेजा जाए। साथ ही दिल्ली जाने की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए। बाद में पुलिस चौकी इंचार्ज विनय कुमार मिश्रा ने मामले में हस्तक्षेप किया। चौकी इंचार्ज का कहना था कि निजी बस खराब हो गई थी। दूसरी बस की व्यवस्था कराई गई, फिर यात्रियों को नई दिल्ली भेजा गया।