गुरुवार देर रात हुई हल्की बारिश ने लोगों को प्रचंड गर्मी से राहत दे दी। मौसम के बदले मिजाज के कारण शुक्रवार को पारा करीब 5 डिग्री लुढ़ककर 37 डिग्री पहुंच गया, वहीं हवा में काफी ज्यादा नमी दर्ज की गई।
पिछले कुछ दिनों से तापमान लगातार 40 डिग्री के पार बना हुआ था। हवा में काफी कम नमी होने की वजह से सूरज की तपिश काफी ज्यादा महसूस हो रही थी। बृहस्पतिवार को तो पांच साल का रिकार्ड तोड़ते हुए पारा 43.7 डिग्री पहुंच गया था। 2012 में तापमान 43.6 दर्ज किया गया था। पूरे दिन पड़ी प्रचंड गर्मी से लोग पस्त हो गए थे, मगर देर रात मौसम का मिजाज बदल गया और आधी रात को तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई।
करीब 43 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाओं के साथ 2 मिलीमीटर की बारिश दर्ज की गई। इससे शुक्रवार को तापमान करीब पांच डिग्री कम होकर 37.5 डिग्र्री पर पहुंच गया, जिससे लोगों को काफी राहत मिली। मौसम विशेषज्ञ कैलाश पांडेय ने बताया कि आने वाले तीन-चार दिनों तक लोगों को राहत रहेगी। 28 मई को हल्की बूंदाबांदी तो 29 को अच्छी खासी बारिश की संभावना है। 29 मई को 50 मिलीमीटर तक बारिश हो सकती है।