कई दिन बाद शनिवार को थोड़ी देर के लिए निकली धूप।
- फोटो : Shivharsh Dwivedi
कई दिनों बाद शनिवार को भाष्कर देव के दर्शन हुए। दोपहर बाद तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी होने से लोगों को ठिठुरन से कुछ राहत तो मिली, लेकिन आने वाले दो-तीन दिनों तक ठंड ऐसे ही सताएगी। न्यूनतम तापमान भी नौ से 11 बीच बने रहने के आसार हैं।
आर्द्रता ज्यादा होने से आसमान में धुंध छाई हुई है। पिछले तीन-चार दिनों से आर्र्दता 90 से 92 के बीच बनी हुई है। हालांकि शनिवार को इसमें थोड़ी सी गिरावट आई और यह करीब 75 हो गई। इसी वजह से सूरज की किरणें धरती तक पहुंच सकीं और दोपहर बाद लोगों ने थोड़ी राहत महसूस की। शनिवार को दिन का तापमान बढ़कर 15.6 डिग्री पहुंच गया। इसके बाद बाजार में भी थोड़ी रौनक दिखी। ऊनी कपड़ों की दुकान में लोगोें की भीड़ नजर आई।
मौसम विज्ञानी कैलाश पांडेय का कहना है कि आर्द्रता में कमी के चलते शनिवार को तापमान में मामूली बढ़ोतरी तो हुई, लेकिन दो दिनों तक ठिठुरन यूं ही बरकरार रहेगी। दिन का तापमान 18 डिग्री से नीचे रहेगा और रात का तापमान भी नौ से 11 डिग्री के बीच बने रहने के आसार हैं।