सिपाही विशाल का असिस्टेंड कमांडेंट बनने पर बधाई देते एसएसपी डा सुनील कुमार गुप्ता व सीओ योगेंद्?
हौसले से पाई मंजिल, सिपाही से विशाल बने असिस्टेंट कमांडेंट
गोरखपुर। बाढ़, बिजली, आंधी और तूफान, हर जगह तबाही का सामान है। लाख मुश्किल फिर भी मुश्किल नहीं, गर हौसला है तो हर काम आसान है। मशहूर कवि माधव मधुकर की पंक्तियां पुलिसकर्मी विशाल सिंह पर सटीक बैठती हैं। विशाल ने नौकरी के दौरान एक दिन भी छुट्टी नहीं ली और जज्बे की बदौलत सेंट्रल आर्म्स पुलिस फोर्स में असिस्टेंट कमांडेंट की नौकरी हासिल की है। शहर के कप्तान ने विशाल की इस उपलब्धि पर उनकी पीठ थपथपा कर हौसला बढ़ाया है।
गाजीपुर के जीवपुर गांव निवासी असम पुलिस से रिटायर शिव शक्ति सिंह के बेटे विशाल सिंह 2015 में यूपी पुलिस में भर्ती हुए थे। वर्तमान में सीओ योगेंद्र कृष्ण के गनर के रूप में विशाल की तैनाती है। सिपाही की नौकरी बखूबी निभाने के साथ ही इन्होंने पढ़ाई करनी जारी रखी।
प्रतियोगी परीक्षा में बैठे और 2018 की सेंट्रल आर्म्स फोर्स की परीक्षा में सफलता हासिल कर ली। असिस्टेंट कमांडेंट के रूप में अब इनकी तैनाती होगी। यह जानकारी एसएसपी डॉ. सुनील कुमार गुप्ता को सीओ योगेंद्र ने दी और यह भी बताया कि एक भी दिन की छुट्टी लिए बिना ही इन्होंने इस मुकाम को हासिल किया है। एसएसपी ने नवागत पुलिसकर्मियों के बीच इन्हें आदर्श के रूप में प्रस्तुत करने को कहा कि ताकि इनसे प्रेरित होकर अन्य सिपाही भी सफलता हासिल कर सकें।