सड़क पर बैठकर प्रदर्शन्ा करते छात्र।
- फोटो : Amar Ujala
छात्रनेता सौरभ पांडेय के हत्यारों के गिरफ्तारी की मांग को लेकर छात्र गुरुवार को डीवीएन पीजी कॉलेज के गेट के सामने रास्ता जामकर धरने पर बैठ गए। जाम की सूचना पर पहुंचे एसएसपी रामलाल वर्मा के आश्वासन के बाद छात्रों ने जाम हटाया। इस दौरान करीब आधे घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा।
प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे कॉलेज के छात्रसंघ अध्यक्ष अमित राव, उपाध्यक्ष अभय यादव, पुस्तकालय मंत्री नितेश शुक्ला ने कहा कि हत्यारे खुलेआम घूम रहे हैं और पुलिस घटना के 72 घंटे बाद भी खाली हाथ है, जबकि हत्यारों की पहचान हो चुकी है। छात्रों ने कहा कि यदि जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन करेंगे। बता दें कि रविवार की रात छात्रनेता सौरभ पांडेय की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में विक्की यादव, संजय यादव, वैभव सिंह नामजद मुल्जिम बनाए गए हैं।
पुलिस ने हत्यारों की पहचान सीसीटीवी कैमरे से की थी। इनकी गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें भी लगाई गई हैं, लेकिन अभी तक पुलिस हत्यारों तक नहीं पहुंच सकी है। प्रदर्शन करने वालों में नीरज पांडेय, विशाल मित्रा, उमंग राव, बादल चतुर्वेदी, मनीष यादव, आदित्य वर्मा, आकाश मिश्रा, अभिषेक सिंह आदि उपस्थित थे।