ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने गए छात्रों ने बुधवार को आरटीओ दफ्तर में जमकर हंगामा मचाया। लाइसेंस के नाम पर वसूली का आरोप लगाकर छात्र आरटीओ दफ्तर पर धरने पर बैठ गए। बाद में एआरटीओ संदीप जायसवाल ने उन्हें समझाकर धरना समाप्त कराया।
बुधवार की सुबह छात्र आरटीओ दफ्तर में लाइसेंस बनवाने पहुंचे। आरोप है कि लाइसेंस के लिए टेस्ट शुरू होते ही कुछ लोग वहां पहुंचकर खुद को विभागीय कर्मचारी बताकर टेस्ट में पास कराने के लिए रुपये मांगने लगे। छात्रों ने जब इसका विरोध किया तो वे फेल करने की धमकी देने लगे। इस पर छात्र भड़क गए। आरटीओ में अवैध वसूली का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी यहां वसूली को लेकर कई बार विवाद हो चुका है। अभी कुछ दिन पहले ही ऑटो चालकों ने प्रदूषण जांच में हो रही अवैध वसूली को लेकर हंगामा किया था।
ड्राइविंग लाइसेंस को लेकर अवैध वसूली पर छात्र नाराज हो गए थे। वसूली करने वाला व्यक्ति विभाग का नहीं कोई बाहरी था। छात्रों को अगर कोई दिक्कत थी तो उन्हें अधिकारियों के पास आना चाहिए था।
-संदीप जायसवाल, एआरटीओ