मौसम का मिजाज बुधवार को अचानक बदल गया। धूल भरी तेज हवा चलने से एकबारगी लगा कि जैसे तूफान आने वाला है। आसमान में धुंध छा गई। सड़कों पर वाहन जहां के तहां रुक गए। कई स्थानों पर पेड़ की डालियां टूट गईं। टिन शेड और झोपड़ियां उड़ गईं। महानगर से 10 किलोमीटर उत्तर-पूरब की दिशा में बारिश भी हुई। हालांकि मौसम में हुए बदलाव से लोगों को गर्मी से राहत मिली।
मौसम का उतार-चढ़ाव कई दिनों से चल रहा था। सुबह होते ही सूरज की किरणें गर्मी का अहसास कराने लगती थीं, लेकिन बुधवार अन्य दिनों से अलग था। इस दिन हवा ठंढ का अहसास करा रही थ। दिन में 11 बजे के आसपास अचानक मौसम ने करवट बदली। चंद मिनटों में ही आसमान में धुंध छा गई। तेज हवा के चलते चारों तरफ धूल उड़ने लगी।
शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में कई स्थानों पर छतों पर रखे टिन शेड उड़ गए। पेड़ की डालियां टूट र्गइं। कई झोपड़ियां जमींदोज हो गईं। महानगर से 10 किलोमीटर दूर उत्तर-पूरब दिशा की तरफ बारिश भी हुई। खासकर गोरखपुर से सटे महराजगंज और कुशीनगर में। लगभग घंटे भर तक मौसम में उतार-चढ़ाव के बाद आसमान साफ हो गया और धूप भी अपना असर दिखाने लगी।
प्री मानसून सावर के कारण बदला मौसम
मौसम विशेषज्ञ कैलाश पांडेय के मुताबिक बुधवार को मौसम में जो बदलाव देखा गया वह प्री मानसून सावर है। ईस्टर्न यूपी के ऊपर इसका दबाव था। इस कारण 32 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चल रही थीं। मौसम विभाग के मुताबिक इसका असर उत्तर-पूर्व दिशा में था। एक घंटे बाद यहां तो स्थिति सामान्य हो गई, पर जो हवाएं यहां से उठी थीं वह उत्तरी बिहार की तरफ चली गईं। अभी दो दिनों तक मौसम नम रहेगा। पुरवा हवा चलेगी जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। आठ मई को बारिश होने के आसार हैं।