कोतवाली क्षेत्र के जमुई गांव में कोर्ट के आदेश पर अतिक्रमण हटाने पहुंची राजस्व टीम पर कब्जा करने वालों ने हमला कर दिया। पथराव में लेखपाल और होमगार्ड घायल हो गए। हमले से पीछे हटे अफसर करीब डेढ़ घंटे बाद भारी फोर्स के साथ लौटे और अतिक्रमण को ढहा दिया।
जमुई गांव में फत्तेह मुहम्मद अंसारी कई वर्षों से बंजर भूमि में पक्का मकान बनाकर रह रहे थे। इसके खिलाफ गांव के लाल साहब यादव ने हाईकोर्ट में वाद दाखिल किया था। पिछले दिनों कोर्ट ने अवैध कब्जा हटाने का आदेश दिया जिससे डीएम के निर्देश पर एसडीएम सलेमपुर शशिभूषण, तहसीलदार डॉ.संजीव कुमार राय, खुखुंदू पुलिस और राजस्व कर्मियों के साथ रविवार दोपहर 12 बजे गांव पहुंचे।
जैसे ही जेसीबी मकान तोड़ने को बढ़ी आक्रोशित लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। इसमें लेखपाल कौशलाधीश विश्वकर्मा व होमगार्ड मनोज कुमार यादव घायल हो गए। पथराव से बचते हुए कर्मचारियों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और उच्चाधिकारियों को सूचना दी। करीब डेढ़ घंटे बाद भटनी, खामपार, भाटपार, लार थाने की पुलिस के साथ भारी संख्या में पीएसी पहुंची और अवैध निर्माण ढहा दिया।
कोतवाल श्याम बिहारी ने बताया कि अतिक्रमण हटाने के दौरान कुछ लोगों ने पथराव किया था, लेकिन बाद में कब्जा खाली करा दिया गया। किसी को हिरासत में नहीं लिया गया है।