महिला को पिटने से बचाने गई सिपाही की पिटाई
गोरखपुर। दीवानी कचहरी के मेडिएशन सेंटर में तैनात महिला कांस्टेबल और उसके भाई को कुछ लोगों ने पीट दिया। सूचना पर पहुंची कैंट पुलिस महिला सिपाही को बचा कर थाने लाई। मीडिएशन के लिए आई महिला को उसका पति पीट रहा था। उसे बचाने गई सिपाही पिट गई। कैंट इंस्पेक्टर ने घटना की जानकारी एसएसपी डॉ सुनील गुप्ता को दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हालांकि इस मामले में किसी ने तहरीर नहीं दी है।
मूल रूप से जौनपुर की रहने वाली रेनू सिंह को पति की मौत के बाद पुलिस विभाग में नौकरी मिली। वह महिला थाने में तैनात हैं। सोमवार को उनकी ड्यूटी दीवानी कचहरी के मीडिएशन सेंटर में लगी थी। सुबह वह भाई विष्णु के साथ ड्यूटी स्थल पर पहुंचीं। उसी बीच मेडिएशन सेंटर में मां और मौसा के साथ आई शाहपुर के जंगल मातादीन निवासी महिला को उसका पति पीटने लगा। महिला का पति देवरिया जिले के गौरीबाजार क्षेत्र का है। वह पत्नी को घर ले जाना चाहता था। पत्नी तैयार नहीं थी। महिला को पिटता देख रेनू बीच बचाव करने गई। तभी महिला के पति और उसके साथ के लोगों ने रेनू को पीट दिया। रेनू को बचाने उनके भाई विष्णु पहुंचे तो उनकी भी पिटाई कर दी गई। इस मामले में कुछ अधिवक्ताओं पर भी पिटाई करने का आरोप है। कैंट इंस्पेक्टर रवि राय ने बताया कि तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
एसपी सिटी डॉ. कौस्तुभ ने कहा कि महिला सिपाही की पिटाई का मामला संज्ञान में आया है। तहरीर लेकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।