कुशीनगर में सोमवार की देर शाम सप्तक्रांति एक्सप्रेस में मनबढ़ युवकों ने टिकट मांगने पर टीटीई के पेट में चाकू मारकर घायल कर दिया। घटना खड्डा और सिसवा स्टेशन के बीच की है। जैसे ही ट्रेन सिसवा स्टेशन पर रुकने के लिए धीमी हुई, वैसे ही दोनों युवक उतरकर भाग गए।
घायल टीटीई अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि मुजफ्फरपुर से आनंद विहार जा रही सप्तक्रांति एक्सप्रेस ट्रेन में खड्डा-सिसवा स्टेशन के बीच सोमवार की देर शाम टिकट चेकिंग कर रहे थे।
इसी दौरान दो युवकों से टिकट मांगा, लेकिन युवकों ने टिकट नहीं दिखाया। इसी बात पर कहासुनी होने लगी। अचानक युवकों ने चाकू से उनके ऊपर हमला कर दिया, जिससे अंजनी घायल हो गए।
ट्रेन जैसे ही सिसवा स्टेशन के पहले रुकने के लिए धीमी हुई, दोनों हमलावर फरार हो गए। यह ट्रेन बिहार के बगहां स्टेशन से खुलने के बाद सिसवा रुकती है। मामले की सूचना तत्काल जीआरपी को दी गई।
जीआरपी के पनियहवा चौकी प्रभारी उपेंद्र कुमार ने बताया कि घायल टीटीई को गोरखपुर के रेलवे अस्पताल में पहुंचाया गया। जहां इलाज चल रहा है। मामले की छानबीन की जा रही है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।