चेन लूटने के बाद बरामद ना होने की फरियाद लेकर तो कई लोग थाने और अफसरों के पास पहुंचते हैं लेकिन बुधवार को एक अजीब ही घटना सामने आई। शायद ऐसा पहली बार हुआ था कि लूटी गई सोने की चेन लेकर दंपती थाने पर पहुंचे थे और पुलिस का शुक्रिया कर रहे थे।
दरअसल, घटना सीसी टीवी कैमरे में कैद हो गई थी और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। पकड़े जाने के डर से बदमाशों ने चेन पीड़ित के घर ले जाकर फेंक दिया। हालांकि पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
घटना 28 अक्तूबर की दोपहर तीन बजे के करीब हुई थी। फल व्यापारी रामश्रय यादव अपनी पत्नी आशा देवी, बेटी पूनम के साथ सूबा बाजार कस्बे में खरीदारी करने गए थे। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाशों ने झपट्टा मारकर आशा देवी के गले से सोने की चेन लूटकर फरार हो गए थे। शोर मचाने पर आसपास के लोग भी जुटे थे मगर बदमाश फरार हो गए थे।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की तो घटनास्थल के पास में ही स्थित एक मकान में लगे सीसी टीवी कैमरे में कैद मिली। बदमाशों की तस्वीर साफ थी लिहाजा पुलिस ने फुटेज हासिल कर बाइक नंबर और चेहरे के आधार पर सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी।
पुलिस के डर से बदमाशों ने मंगलवार की रात घर ले जाकर चेन फेंक दिया। बुधवार की दोपहर सफाई के दौरान चेन बरामद होने के बाद खुद आशा देवी और उनके पति भी चौंक गए और इसकी जानकारी फिर पुलिस को दी। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।