दिग्विजनाथ पीजी कॉलेज में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने जहां एक ओर केद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाईं वहीं कांग्रेस पर जमकर हमला बोला।
कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दो सालों में जितना विकास हुआ है, उतना कांग्रेस के 65 साल के कार्यकाल में नहीं हुआ। जब भाजपा ने मोदी को प्रधानमंत्री का प्रत्याशी घोषित किया था तब कांग्रेसी उनका मजाक उड़ाते थे। कहते थे चाय वाला प्रधानमंत्री नहीं बन सकता। यह अजब संयोग है लोकसभा चुनाव के दौरान जिस फर्टिलाइजर परिसर में उन्हें सभा करने की इजाजत नहीं मिली थी, वहीं वह शिलान्यास करेंगे।
वह केंद्र सरकार के दो साल पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में बोल रहीं थीं। उन्हाेंने कहा कि कांग्र्रेस के नेता अहंकार में डूबे थे। कहते थे मोदी कांग्रेस कार्यालय पर चाय की दुकान खोल लें, पर देश की जनता ने चाय वाले पर भरोसा किया और उन्हें प्रधानमंत्री बना दिया। यह उनका संस्कार है कि जब वह संसद में पहली बार पहुंचे तो उसे लोकतंत्र का मंदिर मानकर उसकी सीढ़ियों पर माथा टेका।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में सूखा और आपदा की स्थिति उत्पन्न होने से किसानों के सामने समस्या उत्पन्न हो गई। कभी सूखा या आपदा के समय प्रधानमंत्री मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक नहीं करते थे। नरेंद्र मोदी ने बैठक कर किसानों को राहत देने का कार्य किया है।
कांग्रेस के एक पूर्व प्रधानमंत्री ने कहा था कि केंद्र से जब एक रुपया चलता है तो दस पैसा ही लाभार्थी के खाते में पहुंचता है, जबकि मोदी ने कहा कि गरीब का हक कोई नहीं मार पाएगा। अब हर गरीब का खाता खुल गया है। 30 हजार करोड़ रुपये जन धन योजना में जमा हुए। यह गरीब जनता के स्वाभिमान एवं प्रधानमंत्री के प्रति विश्वास की बात है। उन्हाेंने कहा कि जहां कांग्रेस के शासन काल में घोटालों की भरमार थी वहीं मोदी सरकार पर कोई दाग नहीं लगा।
मुद्रा योजना, उज्ज्वला योजना बड़ी उपलब्धि है। कहा कि पहली बार प्रधानमंत्री के आह्वान पर एक करोड़ से अधिक लोगों ने गैस सब्सिडी छोड़ दी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि उनके सामने जो चुनौती है वह 2017 में प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने पर समाप्त हो जाएगी। सपा-बसपा को आड़े हाथों लेते कहा कि दोनों एक-दूसरे को सुहाते नहीं, पर दोनों कांग्रेस का समर्थन केवल सीबीआई के डर से करते थे।
सड़क परिवहन राज्यमंत्री पी. राधाकृष्णन ने कहा कि 60 से 70 हजार करोड़ की लागत से सड़काें का जाल बिछाया जाएगा। पहले प्रतिदिन दो किलोमीटर सड़कें बनती थीं पर आज 18 किलोमीटर बन रही हैं। जल्द ही 24 किलोमीटर तक बनेंगी। कार्यक्रम को महंत आदित्यनाथ, डा. राधामोहनदास अग्रवाल, सत्या पांडेय ने भी संबोधित किया।
स्मृति ईरानी ने किया उज्ज्वला योजना का शुभारंभ
दिग्विजयनाथ महाविद्यालय के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी ने उज्ज्वला योजना का शुभारंभ किया। इस दौरान करीब दो दर्जन से अधिक महिलाओं को गैस कनेक्शन के कागजात मंत्री ने दिए। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न गैस एजेंसियों के मालिक भी उपस्थित थे। मंत्री के उद्बोधन के बाद गैस सिलेंडर के पेपर बांटे गए। मुफ्त गैस कनेक्शन पाने वाली महिलाएं विभिन्न वर्गों से थीं। इनमें प्रमुख रूप से उर्मिला, रेशमा, रूपवती, शारदा, हिरिया, दुर्गावती आदि शामिल थीं।