स्पेशल लिफाफे की उम्मीद छोड़ चुकी बहनें, अब दूर-दराज रहने वाले अपने भाइयों को सादे लिफाफे में ही राखी भेज रही हैं, क्योंकि अभी तक विभाग का स्पेशल लिफाफा मुख्यालय में नहीं पहुंचा है।
रक्षाबंधन से पखवाड़े भर पहले डाक महकमा प्रतिवर्ष स्पेशल लिफाफा बाजार में लाता है, जिसकी दर भी काफी कम महज पांच रुपये होती है। रंग-बिरंगे इस लिफाफे पर रक्षाबंधन की मजबूत डोर के साथ ही भाई-बहन के प्यार को उकेरा गया होता है। इसके अलावा वाटरप्रूफ होने की वजह से लिफाफे के भीतर रखी राखी के सुरक्षित रहने का भरोसा भी रहता है। बहनों को इस स्पेशल लिफाफे का इंतजार रहता है, क्योंकि उन्हें उम्मीद होती है कि इस लिफाफे में राखी भेजी जाएगी, तो वह जरूर पहुंचेगी।
हेड पोस्ट ऑफिस ने भी रक्षा बंधन के लिए ढाई हजार स्पेशल लिफाफे की डिमांड मुख्यालय को भेजी थी। इसके बाद से हेड पोस्ट ऑफिस लगातार संपर्क में है। बावजूद इसके अभी तक स्पेशल लिफाफा नहीं आया है, जबकि रक्षाबंधन पर्व 18 अगस्त को है, इस बीच शनिवार, रविवार और सोमवार को 15 अगस्त की छुट्टी पड़ रही है। इसे देखते हुए बहनों ने सादे लिफाफे में ही राखी भेजनी शुरू कर दीं हैं। गोलघर निवासी कक्षा-11 में पढ़ने वाली रुबाली बताती हैं, जब वह स्पेशल लिफाफे में राखी कलकत्ता में रहने वाले भाई को भेजती हैं तो जरूर पहुंचती है। एक बार सादे लिफाफे में राखी भेजी थी, पर वह रक्षाबंधन तिथि के निकल जाने के बाद पहुंची थी।
रक्षाबंधन के स्पेशल लिफाफों को मंगाने के लिए मुख्यालय को रिमाइंडर भेजा रहा है। आते ही सभी डाकघरों में बिक्री शुरू करा दी जाएगी।
-डीबी त्रिपाठी, प्रवर अधीक्षक डाक, गोरखपुर