बेटे संग शादी करने का झांसा देकर एक साल पहले किशोरी को उसकी मौसी बिहार से अपने घर लाई। जब पीड़िता गर्भवती हो गई तो मौसी और मौसेरा भाई उससे शादी करने से इंकार कर दिया। इतना ही नहीं पीड़िता को अपने घर से निकाल भी दिया। ऐसा आरोप लगाते हुए पीड़िता ने मंगलवार को धनघटा थाने पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
बिहार के छपरा जिले की रहने वाली 16 वर्षीय पीड़िता का आरोप है कि एक वर्ष पूर्व उसकी मौसी उसके घर गई थी। जहां मां- बाप से अपने बेटे की शादी पीडि़ता से कराने की बात कहकर उसे अपने साथ घर लाई। शादी हुई नही लेकिन मौसेरा भाई उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने लगा।
इसी बीच किशोरी गर्भवती हो गई तो उसके होश उड़ गए। वह अपनी मौसी और मौसेरे भाई पर जल्द शादी करने का दबाव बनाने लगी। कुछ दिनों तक तो शादी करने का झांसा उसे लोग देते रहे, लेकिन जब सोमवार की शाम किशोरी शादी पर अड़ गई तो उसकी मौसी और मौसेरे भाई ने डॉट फटकार कर उसे घर से भगा दिया।
पूरी रात वह मौसी के गांव में एक व्यक्ति के घर पर गुजारी। मंगलवार को मौसी के गांव के कुछ लोगों के साथ धनघटा थाने पर पहुंच गई। पीड़िता ने मौसी और मौसेरे भाई के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। एसओ अखिलानंद उपाध्याय ने बताया कि प्रकरण गंभीर है। इसकी जांच शुरू कर दी गई है। जांच पड़ताल के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।