आसपुर देवसरा इलाके के कादीपुर गांव में उधार सामान न देने पर एक दबंग ने दुकानदार पर लोहे की राड से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल दुकानदार को सीएचसी ले जाया गया, जहां से डाक्टरों ने उसे प्रयागराज रेफर कर दिया। एसआरएन में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजन आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर दरवाजे पर शव रखकर बैठ गए और अंतिम संस्कार करने से इंकार कर दिया। खबर लिखे जाने तक पुलिस परिजनों को मनाने का प्रयास कर रही थी।
कादीपुर गांव निवासी अमरबहादुर मौर्य (35) गांव में ही किराने की दुकान चलाता था। रविवार की शाम चार बजे उसकी दुकान पर गांव का ही माता प्रसाद सिंह पहुंचा और उधार सामान मांगने लगा। पहले से उस पर बकाया होने के कारण अमर बहादुर ने उधार सामान देने से मना कर दिया। इससे गुस्साए माता प्रसाद ने उसके सिर पर लोहे की राड से हमला कर दिया। इससे वह वहीं लहूलुहान होकर गिर पड़ा। गंभीर हालत में उसे सीएचसी अमरगढ़ ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने प्रयागराज रेफर कर दिया।
सोमवार को एसआरएन में इलाज के दौरान अमर बहादुर की मौत हो गई। शव जब गांव पहुंचा तो नाराज परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया और शव दरवाजे पर रखकर बैठ गए। सूचना पर देवसरा एसओ फोर्स के साथ पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों ने आरोपी गिरफ्तारी होने तक अंतिम संस्कार से इनकार कर दिया। आसपुर देवसरा एसओ ने बताया कि इस घटना में मारपीट का मामला दर्ज किया गया था। घरवालों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है। आरोपी के खिलाफ अब हत्या की धारा बढ़ाई जाएगी।