कुशीनगर के पडरौना कोतवाली इलाके के भटवलिया गांव के चंदरपुर टोला स्थित ईट-भट्ठे पर झगड़ रहे मजदूर पिता-पुत्र का विवाद सुलझाने गए मीट विक्रेता पर फावड़े से हमला कर दिया। उसके बाद आरोपी वहां से भाग निकले।
सूचना मिलते ही घटनास्थल पर गांव वालों की भीड़ जुट गई। गांव वाले आनन- फानन में विक्रेता को जिला अस्पताल ले आए, जहां उसकी हालत गंभीर देख डॉक्टर ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां देर रात मीट विक्रेता की मौत हो गई।
पुलिस ने इस मामले में हत्यारोपी पिता-पुत्र के खिलाफ गैरइरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर पिता को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि आरोपी पुत्र फरार है।भटवलिया गांव के चंदरपुर टोला स्थित ईट भट्ठे पर अन्य मजदूरों के साथ छत्तीसगढ़ के फीरक केवट और उनका पुत्र गोविंद भी काम करता है।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार की रात करीब नौ बजे ईट-भट्ठे पर ही पिता-पुत्र आपस में झगड़ रहे थे। घटनास्थल से 15 मीटर दूरी पर ही चंदरपुर के मुंशरीम (50) मुर्गे का मीट बेंचते थे। पिता-पुत्र को आपस में झगड़ते देख मुंशरीम झगड़ा छुड़ाने के लिए दौड़ पड़े।
मुंशरीम के पुत्र नियाज अहमद ने आरोप लगाया है कि बीचबचाव के दौरान ही मुंशरीम के सिर पर आरोपी पिता-पुत्र में किसी ने फावड़े से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उसके बाद आरोपी वहां से भाग गए।
मुंशरीम को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर देख डॉक्टर ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान रात के करीब दो बजे मुंशरीम की मौत हो गई।
सुबह नियाज अहमद ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों पर कार्रवाई करने की मांग की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुट गई।
घटना के बाद से मुंशरीम की पत्नी, दो बेटे और तीन बेटियों का रो रोकर बुरा हाल है। कोतवाल विजय राज सिंह ने बताया कि आरोपी फीरक केवट और गोविंद आपस में पिता-पुत्र हैं, जो छत्तीसगढ़ के निवासी हैं और चंदरपुर के ईट-भट्ठे पर मजदूरी करते हैं।
इन पर मीट विक्रेता मुंशरीम पर फावड़े से हमला करने का आरोप है। मुंशरीम के पुत्र नियाज अहमद की तहरीर पर आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ गैरइरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी पिता गिरफ्तार है, जबकि उसके पुत्र की तलाश की जा रही है।