बिजली के बिल में संशोधन को लेकर राप्तीनगर विद्युत सब स्टेशन में हंगामा हुआ। लिपिक और बशारतपुर के रहने वाले शख्स के बीच नोकझोंक से शुरू हुआ विवाद गाली-गलौज तक पहुंचने पर विभाग के कर्मचारी लामबंद हो गए। इस दौरान कर्मचारियों ने सांकेतिक प्रदर्शन किया। इस पर एसडीओ ने शाहपुर पुलिस को कार्रवाई के लिए तहरीर दी। उधर, आरोपी ने भी तहरीर देकर लिपिक पर कार्रवाई की मांग की है।
बिल संशोधन कराने को लेकर लिपिक शिव कुमार और बशारतपुर निवासी वीरेंद्र राय के बीच कहासुनी हो गई। बात आगे बढ़ी तो नौबत गाली-गलौच तक जा पहुंची। इस पर बिजली विभाग के कर्मचारी लामबंद हो गए और सांकेतिक प्रदर्शन करने लगे। इसके बाद एसडीओ वाईके चतुर्वेदी ने समझा-बुझाकर शाहपुर थाने में तहरीर दी। उन्होंने आरोप लगाते हुए बताया कि वीरेंद्र स्वयं का नहीं, बल्कि दूसरे का बिल संशोधित कराने आए थे। वे गलत तरीके से संशोधन का लिपिक पर दबाव बना रहे थे। इसके साथ ही झूठी शिकायत करने की धमकी दे रहे थे।
आरोप लगाया कि वीरेंद्र ने सरकारी काम में बाधा पहुंचाई और कर्मचारी के साथ बदतमीजी भी की। इस मौके पर अवर अभियंता संघ के पूर्व अध्यक्ष प्रदीप दुबे, संतोष चौधरी, राजेंद्र द्विवेदी, अरविंद पांडेय, अमित श्रीवास्तव, ब्रजेश कुमार त्रिपाठी, राजाराम, शिव कुमार आदि कर्मचारी मौजूद रहे। थानाध्यक्ष गोविंद बल्लभ शर्मा ने बताया कि बिजली विभाग के दोनो पक्षों की तरफ से तहरीर मिली है। जांच के बाद केस दर्ज किया जाएगा।