समाचार पोर्टल से फैलाई गई थी पार्षद की हत्या की अफवाह, केस
गोरखपुर। समाचार पोर्टल से भाजपा पार्षद की हत्या की अफवाह फैलाई गई थी। पुलिस के साइबर सेल की जांच में पुष्टि होने के बाद मंगलवार की रात जटेपुर चौकी प्रभारी ने कैंट थाने में मुकदमा दर्ज कराया।
20 अक्तूबर की दोपहर में सोशल मीडिया पर एक सूचना वायरल हुई थी, जिसमें लिखा गया था कि गोरखपुर में भाजपा पार्षद अशोक पाल की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। कुछ ही देर में यह खबर सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गई। भाजपा पार्षद दल के उपनेता ऋषिमोहन वर्मा की शिकायत पर एसएसपी डॉ. सुनील गुप्ता ने साइबर सेल से मामले की जांच कराई।
पता चला कि यह खबर 24 घंटे ऑनलाइन डॉट काम पोर्टल पर पोस्ट की गई थी, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हुई। जटेपुर चौकी प्रभारी मदन मोहन मिश्र की तहरीर पर कैंट पुलिस ने पोर्टल संचालक पर हत्या की झूठी अफवाह फैलाकर जनता में पुलिस के प्रति अविश्वास का माहौल बनाने और 66 आइटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।