शनिवार को बीआरडी मेडिकल कॉलेज में दवा के लिए जमकर हंगामा हुआ। डॉक्टर की लिखी दवा काउंटर पर न मिलने पर मरीज फॉर्मासिस्ट से भिड़ गए। हाथापाई की नौबत आने पर सभी कर्मचारी एकत्र हो गए और मरीजों को किसी तरह समझाकर शांत कराया।
मेडिकल कॉलेज के नेहरू चिकित्सालय में पेट, बुखार, दर्द, कैल्शियम, आयरन समेत कई दवाएं खत्म हो चुकी हैं। कुछ ही दवाओं के भरोसे ही मरीजों के इलाज की कोशिश की जा रही है। आए दिन दवा न मिलने से लौट रहे मरीजों का सब्र शनिवार को टूट गया। डॉक्टर पर्चे पर लिख तो रहे हैं तीन से चार दवाएं, मगर मरीजों को सिर्फ एक ही दवा मिल पा रही है। बीते दिनों तक मेडिकल कॉलेज प्रशासन बजट का रोना रो रहा था। लेकिन अब जब बजट आ गया तो ऑर्डर समय से न भेजने के कारण मरीजों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
नहीं मिली दवा
डॉक्टर ने दवा तो कई लिखीं, मगर काउंटर से सिर्फ एक ही दवा मिली है। आए दिन यहां पर यही हाल होता है। इसके पहले भी जब आया था, तब भी दवाएं नहीं मिली थीं।
- रामजी वर्मा, कसया
बाजार से खरीद रहे दवा
अस्पताल में दवा मिली ही नहीं। काउंटर पर जाने पर बताया गया कि दवा नहीं है। अब बाहर किसी दुकान से दवा खरीदने जा रही हूं। एक भी दवा नहीं मिली।
- राधिका देवी, गुलरिहा
दवा का ऑर्डर भेज दिया गया है। तीन से चार दिन में दवाएं आ जाएंगी। इसके बाद मरीजों को परेशान नहीं होना पड़ेगा।
- प्रो. राजीव मिश्रा, प्राचार्य, मेडिकल कॉलेज